जगदलपुर, 07 नवंबर । जिले के थाना परपा पुलिस ने जमीन खरीद-बिक्री से जुड़े मामलों पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक ही कृषि भूमि को दो बार विक्रय करने के मामले में दस्तावेजों की गहन जांच के बाद आज शनिवार काे एक आरोपित भूलकु राम नाग को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल दाखिल कर दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना परपा में पीड़ित कार्तिक कश्यप निवासी ग्राम बस्तर द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत के अनुसार उनके पिता द्वारा वर्ष 2014 में ग्राम कोरपाल स्थित कृषि भूमि खसरा नंबर 62/1, रकबा 02 हेक्टेयर को सोमनी पति स्वर्गीय डोमू से 03 लाख रुपये में क्रय किया गया था। भूमि का कब्जा प्राप्त होने के बावजूद पारिवारिक परिस्थितियों के कारण एवं नामांतरण के लिए कई बार आवेदन प्रस्तुत किए जाने के बावजूद प्रक्रिया पूर्ण नहीं हो सकी। शिकायत में आरोप है कि विक्रेता द्वारा पूर्व में विक्रय की जा चुकी उक्त भूमि को 08 अप्रेल 2026 को पुनः नीलवती नाग पति रामलाल नाग निवासी ग्राम उलनार, तहसील नगरनार को विक्रय कर दिया गया तथा भूमि का नामांतरण भी करा लिया गया। इस संबंध में प्रार्थी की शिकायत पर थाना परपा में धारा 318(4), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
विवेचना के दाैरान पुलिस टीम द्वारा वर्ष 2014 में हुए मूल भूमि क्रय-विक्रय के दस्तावेजों तथा वर्ष 2026 में किए गए पुनः विक्रय एवं नामांतरण संबंधी अभिलेखों का बारीकी से परीक्षण किया गया।भूमि के पुराने और नए दस्तावेजों का आपसी मिलान कर पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ा गया तथा मामले से संबंधित महत्वपूर्ण दस्तावेजी साक्ष्य संकलित किए गए। विवेचना के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर आरोपी भूलकु राम नाग को अभिरक्षा में लेकर विस्तृत पूछताछ की गई। पूछताछ और दस्तावेजी साक्ष्यों के आधार पर आरोपित की संलिप्तता पाई गई। आरोपित को गिरफ्तार कर प्रकरण में अन्य आरोपित के संबंध में अग्रिम वैधानिक और विवेचनात्मक कार्रवाई की जा रही है।
