सीवान, 03 नवंबर । एसपी भारत सोनी के निर्देश पर सक्रिय पुलिसिंग के तहत सीवान पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने एमएच नगर थाना क्षेत्र के डिब्बी गांव में छापेमारी कर कुख्यात अपराधी चंदन कुमार सिंह और उसके एक सहयोगी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के पास से चार पिस्टल, पांच मैगजीन, 58 जिंदा कारतूस, दो लग्जरी गाड़ियां, छह मोबाइल फोन और 45,220 रुपये नकद बरामद किए हैं। गिरफ्तार चंदन कुमार सिंह के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी और आर्म्स एक्ट समेत नौ आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
एसपी भारत सोनी ने बताया कि एमएच नगर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि डिब्बी गांव निवासी चंदन कुमार सिंह अपने कुछ साथियों के साथ हथियारों से लैस होकर किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद एमएच नगर थाना पुलिस, जिला आसूचना इकाई और एसटीएफ की संयुक्त टीम गठित कर चंदन के घर पर छापेमारी की गई। पुलिस टीम को देखते ही घर में मौजूद कुछ लोग भागने लगे। इस दौरान पुलिस ने दो लोगों को पकड़ लिया, जबकि एक अन्य व्यक्ति फरार हो गया।
गिरफ्तार आरोपितों में डिब्बी गांव निवासी चंदन कुमार सिंह और आंदर थाना क्षेत्र के मदेशिलापुर निवासी विकास कुमार है। तलाशी के दौरान चंदन की कमर से एक ऑटोमेटिक देसी पिस्टल और मैगजीन में आठ जिंदा कारतूस मिले। उसके शर्ट की जेब से एक अतिरिक्त मैगजीन और मोबाइल फोन भी बरामद हुआ। वहीं विकास कुमार के पास से एक देसी पिस्टल, सात जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन मिला। पुलिस ने इसके बाद चंदन के घर के सामने बने गैराज में खड़ी फोर्ड एंडेवर की तलाशी ली। गाड़ी से एक पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस बरामद हुए। गैराज में खड़ी लाल रंग की महिंद्रा थार से भी एक पिस्टल, मैगजीन और ड्रैगन टॉर्च मिली।
घर की तलाशी के दौरान एक काले रंग के बैग से 45,220 रुपये नकद, 38 जिंदा कारतूस और चार कीपैड मोबाइल बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार, चंदन कुमार सिंह का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है। उसके खिलाफ वर्ष 2010 से लेकर 2026 तक हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी, आपराधिक साजिश और आर्म्स एक्ट से जुड़े नौ मामले दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2014, 2017 और 2018 के हत्या से संबंधित मामले भी शामिल हैं। इसके अलावा वर्ष 2023 में रंगदारी और हत्या के प्रयास से संबंधित कांड दर्ज है। अप्रैल 2026 में भी उसके खिलाफ एमएच नगर थाने में आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया था।
इस मामले में एमएच नगर थाना कांड संख्या 412/26, दिनांक दो नवंबर 2026 को आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है। छापेमारी दल में एमएच नगर थानाध्यक्ष राजीव कुमार पटेल सहित थाना के पुलिसकर्मी, जिला आसूचना इकाई और एसटीएफ के जवान शामिल थे।
