पलामू, 03 नवंबर । झारखंड के पूर्व मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश उपाध्यक्ष नीलकंठ मुंडा ने मंगलवार को कहा कि सत्ता हासिल करने के लिए कांग्रेस और उसके सहयोगी दल (इंडी गठबंधन) अराजकता फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। इसके खिलाफ लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से भाजपा ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ कार्यक्रम चला रही है। इसी क्रम में बुधवार को प्रमंडलीय मुख्यालय मेदिनीनगर में शिवाजी मैदान से कचहरी तक विशाल पदयात्रा निकाली जाएगी।
नीलकंठ मुंडा मंगलवार को पलामू परिसदन में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने बताया कि पदयात्रा में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, निवेदिता सिंह सहित पार्टी के विधायक तथा प्रदेश, जिला, प्रखंड और बूथ स्तर के पदाधिकारी एवं हजारों कार्यकर्ता शामिल होंगे।
नीलकंठ मुंडा ने इंडी गठबंधन पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि चुनावी प्रक्रिया से दूर होकर अराजकता के माध्यम से देश की सत्ता हासिल करने की कोशिश की जा रही है। संविधान बदलने को लेकर दुष्प्रचार किया जा रहा है, लेकिन जब तक भाजपा है, देश डॉ. भीमराव आंबेडकर के संविधान के अनुरूप ही चलेगा। लोगों को दिग्भ्रमित करने वालों के मंसूबे सफल नहीं होंगे।
उन्होंने कहा कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर आयोजित छात्रों के आंदोलन को राजनीतिक रूप दिया गया, लेकिन झारखंड में इसी तरह का आंदोलन होने पर इंडी गठबंधन के बड़े नेता राहुल गांधी सहित अन्य नेता शामिल नहीं हुए। उनके अनुसार, छात्रों के आंदोलन में केवल भाजपा के नेता और कार्यकर्ता पहुंचे थे।
मुंडा ने झारखंड सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि राज्य की मौजूदा स्थिति ठीक नहीं है। उन्होंने दावा किया कि यदि अभी चुनाव हो जाएं तो कांग्रेस और झामुमो गठबंधन की सरकार का सफाया हो जाएगा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों का 18 दलों वाला गठबंधन अब देश की संवैधानिक संस्थाओं पर भरोसा नहीं कर रहा है। आजादी के बाद अब तक 13 बार विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) हो चुका है, लेकिन पहले कभी ऐसी स्थिति नहीं बनी। उन्होंने एसआईआर को मतदाता सूची अपडेट करने की सामान्य प्रक्रिया बताते हुए आरोप लगाया कि इंडी गठबंधन के नेता बाहरी लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाए जाने पर नाराजगी जता रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2029 में देश में इंडिया गठबंधन की सरकार बनने का सपना कभी पूरा नहीं होगा।
कार्यक्रम के संयोजक और भाजपा के प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह ने कहा कि झारखंड में अराजकता की स्थिति है। हेमंत सरकार अपने घोषणापत्र का एक भी वादा पूरा नहीं कर पाई है। थानों में शिकायत लेकर जाने वाले लोग सुरक्षित नहीं हैं, विकास के दावे विफल हैं और पलायन जारी है। उन्होंने कहा कि राज्य में अराजकता रोकने के लिए भाजपा की सरकार जरूरी है।
मौके पर डालटनगंज के विधायक आलोक कुमार चौरसिया, पांकी विधायक डॉ. शशिभूषण मेहता, शशिभूषण भगत, विपिन बिहारी सिंह, जिलाध्यक्ष अमित तिवारी, शिवकुमार मिश्रा और नरेंद्र पांडे सहित अन्य नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।———-
