मारपीट में घायल वृद्ध की मौत के मामले में तीन आरोपित गिरफ्तार

Share

मीरजापुर, 01 नवंबर । जमालपुर थाना क्षेत्र के डोहरी अमरपाथ में मारपीट के दौरान गंभीर रूप से घायल वृद्ध की इलाज के दौरान मौत के मामले में पुलिस ने रविवार को तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने तीनों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेज दिया।

पुलिस के अनुसार, 31 अक्टूबर को शामा बियार निवासी डोहरी अमरपाथ ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि नामजद लोगों ने उनके भाई को लाठी-डंडे से मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। इलाज के दौरान घायल की मौत हो गई। तहरीर के आधार पर जमालपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपितों की तलाश कर रही थी।

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने घटना को गंभीरता से लेते हुए क्षेत्राधिकारी के नेतृत्व में आरोपितों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में थानाध्यक्ष अमित कुमार ने पुलिस टीम के साथ मुखबिर की सूचना पर जमालपुर थाना क्षेत्र से तीन वांछित आरोपितों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपितों में मुन्नु अंसारी पुत्र स्व. हफीजउल्ला अंसारी, नसीम पुत्र मुन्नु अंसारी निवासी डोहरी अमरपाथ और सद्दाम अंसारी पुत्र शकुर अंसारी निवासी वार्ड नंबर एक, सैयदराजा, जिला चंदौली शामिल हैं। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष अमित कुमार और जमालपुर पुलिस के जवान शामिल रहे।