कानपुर, 26 अक्टूबर । अंतरराज्यीय वन्यजीव विनिमय कार्यक्रम के तहत कानपुर प्राणी उद्यान में साढ़े तीन साल की शेरनी बिजली लाई गई है। वहीं, कानपुर चिड़ियाघर में रह रहे आठ साल के नर दरियाई घोड़े सतीश को इंदौर के कमला नेहरू जूलॉजिकल पार्क भेजा जाएगा।
कानपुर प्राणी उद्यान के निदेशक डॉ कन्हैया पटेल ने सोमवार को बताया कि शेरनी बिजली को रविवार की मध्यरात्रि में कानपुर लाया गया। यहां पहुंचने के बाद उसे प्राणी उद्यान के पशु चिकित्सालय में प्रारंभिक स्वास्थ्य परीक्षण के लिए रखा गया। पशु चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे स्वस्थ पाया। इसके बाद शेरनी को बब्बर शेरों के बाड़े में बने हाउस में शिफ्ट कर दिया गया। फिलहाल उसकी गतिविधियों और स्वास्थ्य पर प्राणी उद्यान प्रशासन तथा पशु चिकित्सकों की निगरानी बनी हुई है।
कानपुर प्राणी उद्यान और इंदौर के कमला नेहरू जूलॉजिकल पार्क के बीच हुए वन्यजीव विनिमय कार्यक्रम के तहत यह आदान-प्रदान किया जा रहा है। इसके तहत कानपुर में रह रहे आठ वर्षीय नर दरियाई घोड़े सतीश को इंदौर भेजा जाएगा। इस कार्यक्रम का उद्देश्य दोनों प्राणी उद्यानों के बीच वन्यजीवों का आदान-प्रदान करना है।
