लिंकन, 26 अक्टूबर । देवदत्त पडिक्कल के शानदार 199 रन की बदौलत भारत ए ने न्यूजीलैंड ए के खिलाफ पहले अनौपचारिक टेस्ट के तीसरे दिन मुकाबले पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली। पडिक्कल दोहरे शतक से केवल एक रन दूर रह गए। उनके शानदार प्रदर्शन की मदद से भारत ए ने दूसरी पारी में आठ विकेट पर 488 रन बना लिए हैं और उसकी कुल बढ़त 284 रन हो गई है।
दिन का खेल समाप्त होने तक वॉशिंगटन सुंदर 51 रन बनाकर नाबाद थे। भारत ए ने पहली पारी में 113 रन बनाए थे, जिसके जवाब में न्यूजीलैंड ए ने 317 रन बनाकर 204 रन की बढ़त हासिल की थी। अब भारत ए ने दूसरी पारी में दमदार वापसी करते हुए मेजबान टीम के सामने चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखने की स्थिति बना ली है।
तीसरे दिन पडिक्कल 56 और साई सुदर्शन 39 रन से आगे खेलने उतरे। दोनों ने संभलकर बल्लेबाजी करने के साथ तेजी से रन भी बनाए। सुदर्शन ने अपना अर्धशतक पूरा किया, जबकि पडिक्कल ने आक्रामक अंदाज में रन जुटाए। उन्होंने जेडन लेनॉक्स की गेंद पर छक्का लगाकर प्रथम श्रेणी क्रिकेट में अपना 12वां शतक पूरा किया।
दोनों बल्लेबाजों ने दूसरे विकेट के लिए 200 से अधिक रन की साझेदारी कर भारत ए को पहली पारी की बढ़त से उबारा और मैच में मजबूत स्थिति में पहुंचाया। हालांकि, न्यूजीलैंड ए ने शॉर्ट गेंदों का इस्तेमाल कर वापसी की कोशिश की। सुदर्शन 91 रन बनाकर स्क्वायर लेग के पीछे तैनात क्षेत्ररक्षक को कैच दे बैठे।
लंच के बाद कप्तान ध्रुव जुरेल भी दो रन बनाकर आउट हो गए। इसके बावजूद पडिक्कल ने एक छोर संभाले रखा और यश राठौड़ के साथ तेजी से रन बनाए।
पडिक्कल ने आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखते हुए 150 रन का आंकड़ा पार किया। दूसरी ओर, राठौड़ ने क्रिस्टियन क्लार्क के एक ओवर में दो चौके और एक छक्का लगाकर अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 54 गेंदों में 50 रन बनाए।
हालांकि, पडिक्कल की पारी का अंत विवादास्पद तरीके से हुआ। वह 199 रन के निजी स्कोर पर लेग साइड में विकेट के पीछे कैच आउट दिए गए। उन्होंने अंपायर की ओर इशारा करते हुए गेंद और बल्ले के बीच अंतर होने की बात जताई। इस फैसले के साथ ही उनका दोहरा शतक पूरा करने का सपना टूट गया।
पडिक्कल ने अपनी पारी से भारत ए को ऐसी स्थिति में पहुंचा दिया, जहां से टीम मैच जीतने की मजबूत दावेदार बन गई है।
चाय के बाद राठौड़ 66 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद निचले क्रम के बल्लेबाजों ने भी उपयोगी योगदान दिया। अंशुल कंबोज ने चार चौके लगाए, लेकिन वह 22 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।
वॉशिंगटन सुंदर ने आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखी और औकिब नबी के साथ 69 रन की साझेदारी की। नबी ने 38 रन बनाए, जिसमें तीन चौके और दो छक्के शामिल रहे। सुंदर ने दिन का खेल समाप्त होने तक 51 रन बनाकर अपना अर्धशतक पूरा किया और नाबाद लौटे।
रोशनी कम होने के कारण निर्धारित अतिरिक्त समय के नौ मिनट बाद खेल रोकना पड़ा। अब भारत ए के सामने यह फैसला करने की चुनौती होगी कि वह रात में पारी घोषित करे या अंतिम दिन न्यूजीलैंड ए को आउट करने के लिए पर्याप्त समय देने के उद्देश्य से बल्लेबाजी जारी रखे।
संक्षिप्त स्कोर: भारत ए पहली पारी 113 रन और दूसरी पारी आठ विकेट पर 488 रन (देवदत्त पडिक्कल 199, साई सुदर्शन 91, यश राठौड़ 66, वॉशिंगटन सुंदर नाबाद 51; जाक गिब्सन 2/58)। न्यूजीलैंड ए पहली पारी 317 रन। भारत ए को कुल 284 रन की बढ़त।
