गांव में आधुनिक खेती का जायजा लेने पहुंचे कृषि निदेशक

Share

धनबाद, 23 अक्टूबर । धनबाद के पूर्वी टुंडी में आधुनिक खेती को बढ़ावा देने और किसानों की समस्याओं का जायजा लेने शुक्रवार को कृषि विभाग के निदेशक विद्यानंद शर्मा पंकज भोजपुर गांव पहुंचे। यहां उन्होंने प्रगतिशील किसान शिशिर गोराई के खेतों का निरीक्षण किया और करीब साढ़े तीन एकड़ जमीन पर आधुनिक तरीके से की जा रही सब्जियों की खेती की सराहना की। इस दौरान किसानों ने अपनी समस्याएं रखते हुए खेतों की घेराबंदी, सिंचाई के लिए डीप बोरिंग और समय पर उन्नत बीज उपलब्ध कराने की मांग की। कृषि निदेशक ने किसानों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं के समाधान और खेती को बढ़ावा देने के लिए विभाग लगातार प्रयास कर रहा है।

इस दौरान जिला कृषि पदाधिकारी अंजना कुमारी समेत कृषि विभाग की टीम मौजूद रही।

निदेशक ने करीब साढ़े तीन एकड़ जमीन पर आधुनिक तरीके से की जा रही खेती को देखकर उन्होंने किसान के प्रयासों की सराहना की।

उल्लेखनीय है कि यहां बैंगन, करेला, खीरा, हल्दी, अदरक, गेंदा फूल, केला और नेनुआ की खेती बड़े पैमाने पर की जा रही है। खेती के इस मॉडल को क्षेत्र के दूसरे किसानों के लिए भी प्रेरणादायक माना जा रहा है।

वहीं, निरीक्षण के दौरान किसानों ने अपनी समस्याएं भी कृषि निदेशक के सामने रखीं। किसान शिशिर गोराई और धर्मेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि खुले में घूमने वाले मवेशियों के कारण फसलों को काफी नुकसान पहुंचता है। इससे बचाव के लिए खेतों की घेराबंदी जरूरी है। इसके अलावा सिंचाई की बेहतर व्यवस्था के लिए डीप बोरिंग और खेती के सही मौसम में उन्नत किस्म के बीज उपलब्ध कराने की मांग की गई।

किसानों की समस्याएं सुनने के बाद कृषि निदेशक विद्यानंद शर्मा पंकज ने भरोसा दिलाया कि सरकार किसानों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि इस बार किसानों को समय पर बीज उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

निदेशक ने बताया कि किसानों को आधुनिक खेती के प्रति प्रोत्साहित करने और उनकी समस्याओं को जमीनी स्तर पर समझने के लिए विभाग लगातार प्रयास कर रहा है। इसके लिए जिले में पांच विशेष टीमों का गठन किया गया है, जो विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण कर किसानों से फीडबैक ले रही हैं।