सिल्ली में नाबालिग की मौत के मामले की फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई की मांग

Share

रांची, 19 अक्टूबर । रांची जिले के सिल्ली प्रखंड अंतर्गत मारदू गांव में नाबालिग बच्ची के साथ कथित दुष्कर्म और हत्या की घटना पर झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेंद्र नाथ महतो ने गहरा दुख और आक्रोश व्यक्त किया है। उन्होंने मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने और दोष सिद्ध होने पर दोषियों को फांसी की सजा देने की मांग की है।

सोमवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में महतो ने कहा कि घटना के दोषियों को कठोरतम सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने मेडिकल टीम गठित कर पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी कराने और सभी आवश्यक वैज्ञानिक जांच सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी कर कानून के तहत सख्त कार्रवाई करने की बात कही। उन्होंने चेतावनी दी कि पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिलने पर जनआंदोलन किया जाएगा।

महतो ने बताया कि वह 18 अक्टूबर की रात करीब 10 बजे मारदू गांव पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने घटनास्थल से ही वरीय पुलिस अधिकारियों को फोन कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के संबंध में आवश्यक कदम उठाने की मांग की।

उन्होंने बताया कि कई फॉरेंसिक और तकनीकी जांच दल घटनास्थल पर पहुंचे तथा आवश्यक साक्ष्य और नमूने एकत्र किए। खोजी कुत्ते की मदद से भी जांच की गई। रात करीब 12:30 से एक बजे के बीच बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स, रांची भेजा गया।

महतो के अनुसार, मृत बच्ची कक्षा 11वीं की छात्रा थी। घटना से पूरे क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष और वैज्ञानिक जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित करने, पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी कराने तथा सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने की मांग की।

देवेंद्र नाथ महतो ने पीड़ित परिवार को सुरक्षा, उचित मुआवजा और निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।———