मुरादाबाद, 19 अक्टूबर । मिशन शक्ति 6.0 अभियान के अंतर्गत बालिकाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं महिला सशक्तीकरण की भावना विकसित करने के उद्देश्य से इस वर्ष यूपी बोर्ड की हाई स्कूल परीक्षा में जिले की टॉपर सूची में नौवां स्थान प्राप्त करने वाली राजकीय हाई स्कूल हुसैनपुर छिरावली की मेधावी छात्रा उदिति शर्मा को सोमवार को एक दिन के लिए थाना कुंदरकी का थाना प्रभारी बनाया गया। राजकीय हाई स्कूल हुसैनपुर छिरावली की प्रधानाचार्या व मिशन शक्ति अभियान की प्रभारी बबीता मेहरोत्रा की निगरानी में यह कार्यक्रम संपन्न हुआ।
बबीता महरोत्रा ने बताया कि यह पहल बालिकाओं को पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली से परिचित कराने तथा उन्हें समाज में अपनी सशक्त भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। सोमवार सुबह थाना कुंदरकी पहुंची यात्रा उदिति शर्मा का थाना प्रभारी हम्बीर सिंह व उनकी टीम द्वारा स्वागत-अभिनंदन किया गया उसके बाद उनको थाना कुंदरकी प्रभारी की कुर्सी पर बैठाकर थाने की कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी दी गई। इसके बाद उन्हें थाने के विभिन्न कक्षों एवं व्यवस्थाओं का भ्रमण कराया गया तथा पुलिस के दैनिक कार्यों, गश्त व्यवस्था और यातायात नियमों के संबंध में अवगत कराया गया। उन्हें क्षेत्र का भ्रमण कराया गया और हेलमेट के बिना बाइक चलाने वाले, तीन सवारी बिठाकर चलाने वाले लोगों को उदिति द्वारा निर्देश दिए गए।
उदिति शर्मा ने जनसुनवाई की और एक महिला की समस्या को सुना। इस दौरान उदिति शर्मा ने पुलिस प्रशासन की कार्यशैली को समझा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका के बारे में जानकारी प्राप्त की।
उल्लेखनीय है कि उदिति शर्मा ने वर्ष 2026 की हाईस्कूल परीक्षा में जनपद मुरादाबाद के समस्त राजकीय विद्यालयों में प्रथम स्थान प्राप्त किया था । साथ ही, उन्होंने जनपद की मेरिट सूची में नौवाँ स्थान प्राप्त कर अपने विद्यालय, परिवार एवं जनपद का गौरव बढ़ाया। राजकीय हाई स्कूल हुसैनपुर छिरावली की प्रधानाचार्य बबीता मेहरोत्रा ने इस अवसर को विद्यालय के लिए गर्व का पल बताते हुए कहा कि उदिति शर्मा की यह उपलब्धि अन्य छात्राओं के लिए प्रेरणास्रोत है।
जिला विद्यालय निरीक्षक रितु तोमर ने उदिति शर्मा को इस उपलब्धि पर बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए कहा कि राजकीय विद्यालयों की बालिकाओं का विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ना अत्यंत गर्व का विषय है।
संयुक्त शिक्षा निदेशक शिवलाल ने उदिति शर्मा की इस उपलब्धि को जनपद मुरादाबाद के लिए गौरवपूर्ण बताया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उदिति के पिताजी संजय शर्मा ने बताया कि आज अपनी बेटी को इस सीट पर एक दिन के लिए आसीन देखते हुए मुझे बहुत ही गर्व और सम्मान की अनुभूति हो रही है । सरकार का यह प्रयास सराहनीय है।
