जौनपुर में बच्ची से दुष्कर्म का प्रयास, आरोपित गिरफ्तार

Share

जौनपुर, 17 अक्टूबर । उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले के जफराबाद थाना क्षेत्र स्थित धनेजा गांव में पांच वर्षीय बच्ची के साथ यौन अपराध का मामला सामने आया है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपित युवक सूरज निषाद को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आराेपित पर बच्ची से दुष्कर्म के प्रयास करने का आरोप है। चिकित्सकीय परीक्षण रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस के अनुसार परिवार की ओर से मिली तहरीर के आधार पर शुक्रवार रात करीब आठ बजे बच्ची घर के सामने खेल रही थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला करीब 22 वर्षीय युवक उसे बहला-फुसलाकर गोमती नदी के किनारे ले गया। बच्ची के देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की। ग्रामीण भी खोजबीन में जुट गए। तलाश करते हुए परिजन और ग्रामीण नदी किनारे पहुंचे, जहां बच्ची आरोपित के साथ मिली।

इसके बाद परिजन बच्ची को लेकर थाने पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी। परिजनों ने बच्ची के साथ दुष्कर्म किए जाने का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस फिलहाल दुष्कर्म के प्रयास की बात कह रही है।