गुरुकुल कांगड़ी में अंतर-सदनीय क्रीड़ा प्रतियोगिताएं शुरू, दयानंद सदन का रहा दबदबा

Share

हरिद्वार,16 अक्टूबर। गुरुकुल कांगड़ी विद्यालय में विजयादशमी पर्व पर शुक्रवार को अंतर-सदनीय क्रीड़ा प्रतियोगिताओं का शुभारंभ हुआ।

1902 में गुरुकुल स्थापना के समय से चली आ रही इन प्रतियोगिताओं में स्वामी श्रद्धानंद, आचार्य रामदेव, स्वामी दयानंद और गुरुदत्त विद्यार्थी सदन के विद्यार्थी भाग ले रहे हैं।

मुख्य अतिथि बहादराबाद के खंड शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार ने कहा कि गुरुकुल की क्रीड़ा प्रतियोगिताएं ऐतिहासिक हैं।

विद्यार्थियों में खेल भावना, प्रेम और सौहार्द देखकर प्रसन्नता हुई। अध्यक्षता करते हुए मुख्याधिष्ठाता डॉ. दीनानाथ शर्मा ने कहा कि खेल विद्यार्थियों में आपसी प्रेम, सहयोग और सौहार्द विकसित करते हैं।

प्रधानाचार्य डॉ. विजेंद्र शास्त्री ने बताया कि प्रतियोगिताओं में 100, 400, 800, 1600 मीटर दौड़, गोला फेंक, कबड्डी, वॉलीबाल और क्रिकेट स्पर्धाएं होंगी।

सीनियर 400 मीटर में दयानंद सदन के जयकिशन प्रथम, रुद्र प्रताप गौड़ द्वितीय और गुरुदत्त सदन के मानव मंडल तृतीय रहे। जूनियर वर्ग में दयानंद सदन के मयंक त्यागी प्रथम, आचार्य रामदेव सदन के दक्ष पाल द्वितीय और श्रद्धानंद सदन के आरव सैनी तृतीय रहे।

गोला फेंक में दयानंद सदन के शिवा प्रथम, आचार्य रामदेव सदन के अरुण मौर्य द्वितीय और दयानंद के पंकज तृतीय रहे। कबड्डी में जूनियर में गुरुदत्त और सीनियर में दयानंद सदन विजेता रहा। सीनियर वॉलीबाल और सब-जूनियर व जूनियर 100 मीटर दौड़ में गुरुदत्त सदन प्रथम रहा।