ओलावृष्टि प्रभावित किसानों के सर्वेक्षण और भुगतान में तेजी लाएं अधिकारी: गणेश जोशी

Share

देहरादून, 16 अक्टूबर । कृषि मंत्री गणेश जोशी ने ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों की फसलों के नुकसान का सर्वेक्षण शीघ्र पूरा करने और राहत राशि के भुगतान की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से आपदा मानकों के अनुरूप अतिरिक्त सहायता देने की घोषणा के लिए आभार जताया।

शुक्रवार को कैंप कार्यालय में कृषि एवं उद्यान विभाग की समीक्षा बैठक में मंत्री गणेश जोशी ने अधिकारियों से प्रभावित किसानों को जल्द सहायता उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि सर्वेक्षण पूरा करने के साथ राहत राशि के भुगतान से जुड़ी औपचारिकताएं भी समय पर पूरी की जाएं।

बैठक में कृषि मंत्री ने किसानों को कीवी और ड्रैगन फ्रूट की खेती से जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में इन फसलों की खेती की संभावनाओं को देखते हुए किसानों को विभागीय योजनाओं की जानकारी देने और उनका लाभ उपलब्ध कराने की जरूरत है। उन्होंने सभी योजनाओं का निर्धारित समयसीमा में क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

जोशी ने पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में मौन पालन को बढ़ावा देने तथा किसानों को आवश्यक प्रशिक्षण उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने फार्म मशीनरी बैंक की स्थापना, पॉलीहाउस निर्माण और परीक्षण प्रयोगशालाओं की स्थापना से जुड़े कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

उन्होंने पर्वतीय क्षेत्रों में लैवेंडर और डेंडेलाइन जैसी फसलों को प्रोत्साहित करने तथा एरोमा क्षेत्र में किसानों की भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि कृषि एवं उद्यान विभाग की योजनाओं का लाभ किसानों तक पहुंचाने के लिए अधिकारी समयबद्ध तरीके से काम करें।

बैठक में कृषि एवं उद्यान महानिदेशक डॉ. आनंद श्रीवास्तव, उद्यान निदेशक डॉ. आर.के. सिंह सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।