एसएमएस मेडिकल कॉलेज में कथित अनधिकृत काउंसलिंग का मामला, निजी कंपनी के खिलाफ एफआईआर दर्ज

Share

जयपुर, 16 अक्टूबर । एसएमएस मेडिकल कॉलेज परिसर में राजस्थान नीट-यूजी मेडिकल एवं डेंटल काउंसलिंग के दौरान कथित अनधिकृत गतिविधियों का मामला सामने आया है। काउंसलिंग स्थल पर निजी सेवाओं का प्रचार करने और विद्यार्थियों को निजी काउंसलिंग उपलब्ध कराने का प्रयास करने के आरोप में मेडिपीडिया ओवरसीज एजुकेशन प्राइवेट लिमिटेड तथा उसके संबंधित प्रतिनिधियों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी गई है। मामले में एफआईआर दर्ज कराई गई है।

स्टेट नीट-यूजी मेडिकल एवं डेंटल काउंसलिंग बोर्ड के अध्यक्ष की ओर से एसएमएस अस्पताल थाने में दी गई शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कंपनी के प्रतिनिधियों ने काउंसलिंग स्थल और शैक्षणिक परिसर में प्रवेश कर विद्यार्थियों को निजी काउंसलिंग सेवाएं देने का प्रयास किया। शिकायत के अनुसार, प्रतिनिधियों ने अपनी सेवाओं का प्रचार इस तरह किया, जिससे विद्यार्थियों को उनके आधिकारिक सहायता व्यवस्था से जुड़े होने का भ्रम हो सकता था।

बोर्ड ने इन गतिविधियों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित व्यक्तियों की भूमिका और परिसर में उनकी मौजूदगी की जांच करने का अनुरोध किया है।

शिकायत में आशंका जताई गई है कि इस तरह के प्रचार से नीट-यूजी की आधिकारिक प्रवेश प्रक्रिया को लेकर विद्यार्थियों में भ्रम पैदा हो सकता है। इससे विद्यार्थियों को आर्थिक नुकसान या अन्य परेशानियों का सामना भी करना पड़ सकता है।

बोर्ड की ओर से कंपनी के सोशल मीडिया प्रचार से जुड़ी सामग्री, तस्वीरें और अन्य डिजिटल साक्ष्य भी पुलिस को उपलब्ध कराए गए हैं। इन सामग्रियों में कॉलेज परिसर में कंपनी की गतिविधियों के प्रचार तथा नीट-यूजी काउंसलिंग से संबंधित सेवाएं उपलब्ध कराने के दावों का उल्लेख है।

पुलिस से पूरे मामले की जांच कर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया है।

बोर्ड ने विद्यार्थियों से अपील की है कि वे नीट-यूजी काउंसलिंग से संबंधित जानकारी के लिए अधिकृत काउंसलिंग बोर्ड और सरकारी संस्थानों के आधिकारिक दिशा-निर्देशों पर ही भरोसा करें। किसी निजी एजेंसी की सेवाएं लेने से पहले उसकी अधिकृत स्थिति और दावों की पुष्टि अवश्य करें।