धारः कपास की फसल के बीच लहलहा रहे 4.43 करोड़ रुपये कीमत के गांजे के 3,345 पौधे जब्त

Share

धार, 16 अक्टूबर । मध्य प्रदेश के धार जिले के राजगढ़ के एक गांव मे खेतों में कपास की फसल के बीच छुपाकर की जा रही अवैध गांजे की खेती का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। मुखबिर से मिली सूचना के बाद राजगढ थाना पुलिस ने ग्राम चोबारा में दबिश देकर 4.43 करोड़ रुपये मूल्य का हरा गांजा बरामद करने में सफलता प्राप्त की है।

राजगढ़ थाना प्रभारी समीर पाटीदार ने शुक्रवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि क्षेत्र के ग्राम चोबारा निवासी राजू पुत्र डुंगरसिंह भुरिया ने अपने कब्जे वाले खेत में कपास की फसलों के बीच अवैध रूप से गांजे के पौधे उगा रखे थे। पुलिस टीम द्वारा 13 अक्टूबर की शाम से 15 अक्टूबर की रात 8:00 बजे के बीच चलाए गए सघन अभियान के दौरान मौके से कुल 3,345 गांजे के पौधे जब्त किए गए। बरामद किए गए पौधों का कुल वजन 3,695.15 किलोग्राम (लगभग 37 क्विंटल) आंका गया है, जिसका अनुमानित बाजार मूल्य 4 करोड़ 43 लाख 41 हजार 800 रुपये है।

कार्रवाई के उपरांत राजगढ पुलिस ने 16 अक्टूबर (गुरुवार-शुक्रवार दरमियानी रात) को तड़के 02:11 बजे आरोपी राजु भुरिया के विरुद्ध स्वापक औषधि और मनःप्रभावी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस एक्ट) की धारा 8/20 के तहत विधिवत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी इतने बड़े पैमाने पर तैयार किए जा रहे अवैध मादक पदार्थ की आपूर्ति किन नेटवर्क और तस्करों के जरिए करने की फिराक में था।