शिमला : महिलाओं से छीने सोने के गहने बरामद, तीनों वारदातों में 100 फीसदी रिकवरी

Share

शिमला, 16 अक्टूबर । शिमला जिले के कुमारसैन क्षेत्र में महिलाओं की आंखों में मिर्च पाउडर डालकर सोने के गहने छीनने के तीन मामलों में पुलिस ने अब सभी आभूषण बरामद कर लिए हैं। पुलिस के अनुसार तीनों वारदातों में छीनी गई सोने की बालियां और मंगलसूत्र की शत-प्रतिशत बरामदगी की गई है। इन मामलों में गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर जम्मू के जैन मार्केट के पास एक पुराने मकान से गहने बरामद हुए।

आरोपी की पहचान जैल सिंह पुत्र कर्ण सिंह निवासी जिला डोडा, जम्मू-कश्मीर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे बीते 6 अक्टूबर को नूरपुर से गिरफ्तार किया था। पुलिस रिमांड के दौरान पूछताछ के आधार पर 10 अक्टूबर को जम्मू में गहने बरामद किए गए। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजकर जिला कारागार कैथू में रखा गया है।

कुमारसैन थाना क्षेत्र में महिलाओं से गहने छीनने की तीन घटनाएं सामने आई थीं। इन सभी मामलों में आरोपी ने महिलाओं की आंखों में मिर्च पाउडर या इसी तरह का पदार्थ डालकर उन्हें असहाय किया और उनके सोने के आभूषण छीनकर फरार हो गया।

पहली वारदात 31 अगस्त को जुब्बड़ के पास हुई थी। शिकायत के अनुसार, सीमा देवी रास्ते से जा रही थीं। इसी दौरान एक व्यक्ति ने उनकी आंखों में मिर्च पाउडर डालकर दोनों कानों की बालियां छीन लीं।

दूसरी घटना 14 सितंबर को कण्डयाली के पास हुई। सुनो देवी की शिकायत के अनुसार आरोपी ने उनकी आंखों में मिर्च पाउडर डालने के बाद सोने की दोनों बालियां छीन लीं और मौके से भाग गया।

तीसरी वारदात 26 सितंबर को हुई। कनकु नाम की महिला ढाबा चलाती हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी लगातार तीन दिन तक उनके ढाबे पर आया था। 26 सितंबर को जब महिला अकेली थीं, तब उसने उनकी आंखों में मिर्च पाउडर डालकर गले से मंगलसूत्र छीन लिया।

पुलिस जांच में सामने आया था कि आरोपी वारदात से पहले इलाके की रेकी करता था। वह महिलाओं की आवाजाही और उनके आने-जाने के रास्तों पर नजर रखता था। इसके बाद सुनसान या कम आवाजाही वाले स्थान पर अकेली महिला को निशाना बनाता था।

तीनों घटनाओं में वारदात का तरीका एक जैसा होने के कारण पुलिस ने इनके आपस में जुड़े होने की आशंका के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना तंत्र की मदद से आरोपी तक पहुंचने का प्रयास किया गया।

पुलिस जांच के अनुसार आरोपी की तलाश के दौरान उसकी लोकेशन नूरपुर में मिली थी। इसके बाद नूरपुर पुलिस के साथ समन्वय कर उसे गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद तीनों मामलों में उसकी संलिप्तता की जांच की गई। पूर्व में दी गई जानकारी के अनुसार तीनों पीड़िताओं और शिकायतकर्ताओं ने भी आरोपी की पहचान की थी।

पुलिस जांच में आरोपी का पूर्व आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ चंबा जिले के सिहुंता थाने में 5 मार्च 2026 को स्नैचिंग का मामला दर्ज हुआ था।

एससपी शिमला गौरव सिंह के अनुसार कुमारसैन में दर्ज तीनों मामलों में छीने गए सोने के आभूषण बरामद कर लिए गए हैं। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।