राजगढ़ः सारंगपुर से 16 अक्टूबर को निकलेगी 101 मीटर लंबी चुनर यात्रा, भैंसवा माता धाम में करेंगे अर्पित

Share

राजगढ़, 13 अक्टूबर । मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में शारदीय नवरात्रि के अवसर पर मां भैंसवा बिजासन महारानी के प्रति आस्था प्रकट करने के लिए 16 अक्टूबर को सारंगपुर में 101 मीटर लंबी भव्य चुनर यात्रा निकाली जाएगी।

आयोजन समिति ने मंगलवार को बताया कि सुबह 7 बजे बागकुआं टंकी स्थित शीतला माता मंदिर से शुरू होने वाली यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, मातृशक्ति, युवा और बच्चे शामिल होंगे। ढोल-नगाड़ों, बैंड-बाजे, भजन-कीर्तन और आकर्षक झांकियों के साथ यात्रा भैंसवा माता धाम पहुंचेगी, जहां विधि-विधान से पूजा- अर्चना कर माता रानी के चरणों में चुनर अर्पित की जाएगी।

हिंदू उत्सव समिति के नेतृत्व में आयोजित इस यात्रा का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता, सद्भाव और सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूत करना है। यात्रा में प्रदेश के कौषल विकास एवं रोजगार विभाग राज्यमंत्री गौतम टेटवाल, नगर पालिका अध्यक्ष पंकज पालीवाल सहित विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठनों के पदाधिकारी भी शामिल होंगे।

यात्रा की तैयारियों को लेकर स्थानीय साईं मंदिर में हिंदू उत्सव समिति अध्यक्ष ध्रुव भल्ला के नेतृत्व में सर्व हिंदू समाज की बैठक हुई। इसमें संजय विजयवर्गीय को यात्रा प्रभारी तथा अमित पुष्पद और लोकेश सोलंकी को सह-प्रभारी बनाया गया। बैठक में मार्ग प्रबंधन, श्रद्धालुओं की सुविधा और जनसंपर्क अभियान पर चर्चा की गई। राज्यमंत्री टेटवाल ने श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मां भैंसवा बिजासन महारानी के प्रति क्षेत्रवासियों की अटूट आस्था हमारी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक परंपराओं की पहचान है। ऐसे आयोजन समाज में एकता और समरसता को मजबूत करते हैं। चुनर अर्पित कर श्रद्धालु क्षेत्र में सुख-शांति, समृद्धि और जनकल्याण की कामना करेंगे।