राष्ट्रीय वंदे मातरम् युवा कैंप में मेघा परमार, ओलंपियन विवेक सागर और योगाचार्य डॉ. विजय शंकर ने किया युवाओं का मार्गदर्शन

Share

भोपाल, 13 अक्टूबर । मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय वन प्रबंधन संस्थान, भोपाल में आयोजित राष्ट्रीय वंदे मातरम् युवा कैंप 2026–27 में मंगलवार को युवाओं के व्यक्तित्व विकास, शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य, खेल भावना और आपदा प्रबंधन क्षमता को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न प्रेरणादायी गतिविधियां आयोजित की गईं।

इस दौरान प्रसिद्ध पर्वतारोही मेघा परमार, भारतीय हॉकी खिलाड़ी एवं ओलंपियन विवेक सागर प्रसाद तथा योगाचार्य डॉ. विजय शंकर मिश्रा ने युवाओं का मार्गदर्शन किया। वहीं, राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) ने प्रशिक्षण सत्र के माध्यम से युवाओं को आपदा के समय सतर्कता और सुरक्षा के महत्वपूर्ण पहलुओं से अवगत कराया।

मेरा युवा भारत, मध्य प्रदेश द्वारा आयोजित इस कैंप में प्रसिद्ध पर्वतारोही मेघा परमार ने युवाओं के साथ अपने अनुभव साझा करते हुए उन्हें जीवन की चुनौतियों का साहसपूर्वक सामना करने और कठिन परिस्थितियों में धैर्य बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आत्मविश्वास, दृढ़ इच्छाशक्ति और निरंतर प्रयास से कठिन से कठिन लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं। उनके अनुभवों ने युवाओं को बाधाओं से सीख लेकर आगे बढ़ने और अपने लक्ष्यों के प्रति प्रतिबद्ध रहने की प्रेरणा दी।

भारतीय हॉकी खिलाड़ी एवं ओलंपियन विवेक सागर प्रसाद ने युवाओं को खेलों में अनुशासन, नियमित अभ्यास, टीम भावना और कठिन परिश्रम के महत्व से परिचित कराया। उन्होंने अपनी खेल यात्रा के अनुभव साझा करते हुए युवाओं को समर्पण के साथ आगे बढ़ने, लक्ष्य के प्रति निरंतर प्रयास करने और खेलों के माध्यम से देश का गौरव बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया।

योगाचार्य डॉ. विजय शंकर मिश्रा के मार्गदर्शन में आयोजित योग सत्र में युवाओं ने योगाभ्यास किया। इस दौरान शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक एकाग्रता, तनाव प्रबंधन और संतुलित जीवनशैली के महत्व पर प्रकाश डाला गया। युवाओं को नियमित योगाभ्यास के माध्यम से स्वस्थ शरीर, शांत मन और सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया।

शिविर में राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएप) द्वारा आयोजित प्रशिक्षण सत्र में युवाओं को आपातकालीन परिस्थितियों में सतर्कता बरतने, सुरक्षा संबंधी सावधानियों और बचाव कार्यों के प्रति जागरूक किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य युवाओं को संकट की परिस्थितियों में जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने के लिए तैयार करना तथा उनमें सेवा भावना, सामाजिक उत्तरदायित्व और आपदा प्रबंधन के प्रति समझ विकसित करना रहा।

शिविर के अंतर्गत आयोजित गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को साहस, अनुशासन, स्वस्थ जीवनशैली, खेल भावना और सामाजिक सेवा के महत्व से अवगत कराया गया। विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिष्ठित व्यक्तित्वों के मार्गदर्शन और प्रशिक्षण सत्रों ने प्रतिभागियों को व्यक्तिगत विकास के साथ समाज एवं राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को समझने की प्रेरणा दी। उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय वंदे मातरम् युवा कैंप 2026–27 का आयोजन 12 से 18 अक्टूबर 2026 तक भारतीय वन प्रबंधन संस्थान (आईआईएफएम), भोपाल में किया जा रहा है। सात दिवसीय इस राष्ट्रीय शिविर में छह राज्यों के 150 युवा प्रतिभागी शामिल हो रहे हैं। शिविर का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रीय एकता, संवैधानिक मूल्यों, सांस्कृतिक आदान-प्रदान, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रनिर्माण के प्रति प्रतिबद्धता को प्रोत्साहित करना है।