बिष्टुपुर स्थित कांग्रेस जिला कार्यालय तिलक पुस्तकालय के सामने सोमवार को हुए भाजपा महिला मोर्चा के प्रदर्शन के दौरान कथित पथराव की घटना को लेकर भाजपा ने मंगलवार को कांग्रेस के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा जमशेदपुर महानगर के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने साकची स्थित जुबिली पार्क गोलचक्कर पर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी का पुतला दहन कर अपना आक्रोश जताया।
इस दौरान कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए घटना के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की गई।
प्रदर्शन का नेतृत्व जमशेदपुर पश्चिम की विधायक पूर्णिमा साहू ने किया। उनके साथ भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव सिंह सहित पार्टी के कई नेता और महिला कार्यकर्ता मौजूद रहे। पूर्णिमा साहू ने आरोप लगाया कि जेएनयू में कथित यौन उत्पीड़न की घटना को लेकर न्याय की मांग करते हुए भाजपा महिला मोर्चा कांग्रेस कार्यालय के सामने प्रदर्शन कर रहा था। इसी दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शनकारी महिलाओं को गुलाब के फूल और जलेबी बांटना शुरू कर दिया। उन्होंने इसे गंभीर मामले के प्रति असंवेदनशील व्यवहार करार दिया।
विधायक ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने जब इस रवैये का विरोध किया तो कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कथित तौर पर पथराव किया। उनके अनुसार, इस घटना में भाजपा के कई नेता और कार्यकर्ता घायल हुए। पूर्णिमा साहू ने दावा किया कि पथराव के दौरान उन्हें भी निशाना बनाया गया। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान और न्याय की मांग को लेकर किए जा रहे प्रदर्शन के दौरान इस तरह की घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि महिला मोर्चा के प्रदर्शन को दबाने के लिए पत्थरबाजी की गई। हालांकि, इस मामले में कांग्रेस का पक्ष उपलब्ध नहीं हो सका।
पुतला दहन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी और कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी कर विरोध जताया।
कार्यक्रम में नीलू मछुआ, धर्मेंद्र प्रसाद, मंजू सिंह, खेमलाल चौधरी, प्रमोद, मुन्ना सिंह, पप्पू उपाध्याय, अभिषेक, अमन सिन्हा, अमरप्रीत सिंह काले, ममता भूमिज, संगीता देवी, कुसुमपुर पूर्ति और सीमा दास सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।
