शिमला, 08 अक्टूबर । शिमला के बालूगंज थाना अंतर्गत घनाहट्टी में पुलिस ने एक वाहन में सवार तीन लोगों से करीब 10 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों में दो युवक और एक युवती है।
पुलिस के अनुसार 7 अक्टूबर को स्पैशल सैल शिमला की टीम ने घनाहट्टी के नालहट्टी क्रॉसिंग के पास एक वाहन में बैठे तीन लोगों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से कुल करीब 10 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ।
पुलिस ने इस मामले में बिलासपुर निवासी यशपाल ठाकुर (25), सोलन निवासी ललित कुमार (34) और शिमला निवासी निकिता दत्त (26) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक यशपाल ठाकुर तहसील एवं जिला बिलासपुर, ललित कुमार तहसील अर्की, जिला सोलन और निकिता दत्त तहसील एवं जिला शिमला की निवासी हैं।
मामले में पुलिस थाना वेस्ट शिमला में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के एक अधिकारी ने वीरवार को बताया कि तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और उन्हें अदालत के समक्ष पेश किया जाएगा। पुलिस बरामद चिट्टे और आरोपियों की भूमिका से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।
