गढ़वा, 05 अक्टूबर । गढ़वा दक्षिणी वन प्रमंडल के रंका पूर्वी वन क्षेत्र के पिपरादादर जंगल से सोमवार को वन विभाग ने एक जंगली हाथी का शव बरामद किया। करीब तीन माह के भीतर रंका क्षेत्र में हाथी की मौत की यह दूसरी घटना बताई जा रही है। घटनास्थल से बिजली का तार मिलने के बाद करंट लगने से हाथी की मौत की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, वन विभाग ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। विभाग की टीम विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
बताया गया कि सोमवार को कुछ चरवाहे जंगल की ओर गए थे। इसी दौरान उनकी नजर जंगल में पड़े हाथी के शव पर पड़ी। हाथी को मृत अवस्था में देखकर चरवाहों ने इसकी जानकारी आसपास के ग्रामीणों को दी। इसके बाद ग्रामीणों ने वन विभाग को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलने पर रंका पूर्वी वन क्षेत्र के रेंजर उमेश दुबे, वनपाल ललन कुमार समेत अन्य वनकर्मी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और हाथी की मौत से जुड़े संभावित कारणों की जानकारी जुटाई। मौके से बिजली का तार भी बरामद किया गया है। इसे देखते हुए करंट लगने की आशंका को भी जांच के दायरे में रखा गया है।
रेंजर उमेश दुबे ने बताया कि हाथी की मौत के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। मेडिकल टीम को घटनास्थल पर बुलाया गया है। वन विभाग की निगरानी में पोस्टमार्टम सहित अन्य आवश्यक जांच की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
