पौड़ी गढ़वाल, 04 अक्टूबर । जिला मुख्यालय स्थित हिल्स इंटरनेशनल स्कूल पौड़ी का दो दिवसीय वार्षिकोत्सव रविवार को रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ हुआ। समारोह में नौनिहालों ने चंद्रयान-3, जंगल सफारी, तेलुगु गीत और उत्तराखंड की लोक संस्कृति पर आधारित प्रस्तुतियों से दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। इस दौरान खेल, संस्कृति और शैक्षिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
संस्कृति भवन प्रेक्षागृह में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व मुख्य आयकर आयुक्त सुरेश पंवार ने किया। उन्होंने कहा कि बच्चों को बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराने में विद्यालय, परिवार और परिवेश की सामूहिक भूमिका है। बच्चों को पढ़ाई के दौरान एकाग्रता बनाए रखने की आदत विकसित करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि एकाग्रता इतनी मजबूत होनी चाहिए कि आसपास का शोर भी पढ़ाई में बाधा न बने।
वार्षिकोत्सव में कक्षा छह से आठ के विद्यार्थियों ने प्राणवायु गीत पर शानदार प्रस्तुति दी। नर्सरी से प्राथमिक कक्षाओं के नौनिहालों ने जंगल सफारी, बम-बम भोले, चिन-चिन चू बाबा और बटरफ्लाई जैसे गीतों पर मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। वहीं चंद्रयान-3 पर विद्यार्थियों की अभिनय, नृत्य और भावों के समन्वय से तैयार प्रस्तुति ने दर्शकों को रोमांचित किया।
कक्षा तीन-चार तथा कक्षा नौ से 12 के विद्यार्थियों ने तेलुगु गीत ‘वाचिंदम्या’ और पश्चिमी संगीत की धुनों पर प्रस्तुति देकर खूब वाहवाही लूटी। विद्यार्थियों ने ‘ओटुवा बेलेणा’ और ‘नंदू मामा स्यायी’ सहित विभिन्न लोकगीतों पर भी सांस्कृतिक रंग बिखेरे।
विद्यालय की निदेशक अनीता रावत और प्रधानाचार्य विकास रावत ने विद्यालय की शैक्षिक, खेल एवं अन्य गतिविधियों की उपलब्धियों की जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन आरुषि, श्रेया, मानसी और वंशिका ने किया। इस अवसर पर आरसीएस रावत, सुमनलता एजुकेशन सोसायटी के अध्यक्ष सीसीएस रावत, मार्शल स्कूल श्रीनगर के निदेशक जैलेश सबरवाल, मास्टर माइंड स्कूल श्रीनगर के प्रबंधक अर्जुन गुसाईं, होली एंजल स्कूल श्रीनगर के अजय जेशी, रचना देवी, मधुबाला, संजय ममगाईं आदि मौजूद रहे।
