पूर्णिया, 03 अक्टूबर । पूर्णिया जिला साइक्लिंग संघ द्वारा आयोजित 9वीं जिला स्तरीय रोड साइकिलिंग चैम्पियनशिप–2026 के प्रथम दिन शनिवार को समय परीक्षण प्रतियोगिता आयोजित की गई। विभिन्न आयु वर्ग के बालक-बालिका साइकिलिस्टों ने उत्साह और अनुशासन के साथ भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सशस्त्र सीमा बल के उप महानिरीक्षक मधुकर अमिताभ ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद ध्वजारोहण एवं हरी झंडी दिखाकर प्रतियोगिता की शुरुआत की गई। मौके पर एसएसबी के समादेष्टा जनार्दन मिश्रा सहित संघ के पदाधिकारी, प्रशिक्षक, खिलाड़ी एवं अभिभावक मौजूद रहे।
समय परीक्षण प्रतियोगिता के कैडेट-1 वर्ग में धार्मिक राज ने स्वर्ण, राज आरुष ने रजत और इल्हाम रियाज ने कांस्य पदक जीता। कैडेट-2 में सुब्रतो दास प्रथम, अनुज कुमार द्वितीय और अंशदीप राणा तृतीय रहे। बालिका 2.5 किमी वर्ग में लारेब फातमा, इरम फातमा और सोनाक्षी कुमारी, जबकि बालिका 5 किमी वर्ग में आंचल कुमारी, साक्षी कुमारी और अंजलि कुमारी क्रमशः स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक विजेता रहीं।
युवा बालक 5 किमी वर्ग में विक्रांत कुमार ने स्वर्ण, दिवेश माधव ने रजत और गौतम कुमार ने कांस्य पदक हासिल किया। सब-जूनियर बालक वर्ग में अमन कुमार मिश्रा प्रथम, भावेश कुमार द्वितीय और मोनू कुमार तृतीय रहे। बालिका सीनियर वर्ग में पूर्णिया महिला महाविद्यालय एनसीसी की वर्षा कुमारी ने स्वर्ण पदक जीता।
विजेता खिलाड़ियों को पुलिस महानिरीक्षक विवेकानंद ने पदक एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया तथा निरंतर मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
