देहरादून, 30 सितंबर । भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने प्रदेश के अधिकांश महाविद्यालयों में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की जीत को युवाओं में राष्ट्रवादी विचारों के समर्थन का संकेत बताया। उन्होंने छात्रसंघ चुनाव परिणामों पर कांग्रेस की आपत्तियों को छात्रों की निर्णय क्षमता और विवेक पर सवाल उठाने वाला बताया। उम्मीदवार के नाम की घोषणा केंद्रीय पार्लियामेंट्री बोर्ड एक-दो दिन में कर सकता है।
भाजपा प्रदेश मुख्यालय में बुधवार को मीडिया से बातचीत में भट्ट ने कहा कि राज्यसभाउन्होंने कहा कि राज्य के सबसे बड़े छात्रसंघ डीएवी कॉलेज के अध्यक्ष समेत अधिकांश महाविद्यालयों में एबीवीपी कार्यकर्ताओं की जीत हुई है। उन्होंने निर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों और एबीवीपी के पक्ष में मतदान करने वाले छात्र-छात्राओं का आभार जताया।
उन्होंने छात्रसंघ चुनावों को लेकर कांग्रेस की ओर से लगाए गए आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि कैंपस में छात्र स्वयं अपने निर्णय लेने में सक्षम हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों पर सत्ता के दबाव में मतदान करने का आरोप उनकी चयन क्षमता और विवेक पर सवाल खड़ा करता है।
राज्यसभा चुनाव को लेकर भट्ट ने कहा कि प्रदेश कोर कमेटी के सामने आए सभी 15 नाम केंद्रीय पार्लियामेंट्री बोर्ड को भेजे गए हैं। उन्होंने कहा कि एक-दो दिन में केंद्रीय स्तर से उम्मीदवार के नाम की घोषणा होने की उम्मीद है। छह अक्टूबर नामांकन की अंतिम तिथि है और उससे पहले पार्टी का उम्मीदवार विधिवत नामांकन दाखिल करेगा।
प्रधानमंत्री के प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे को लेकर भट्ट ने कहा कि फिलहाल केदारनाथ और टिहरी के कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। तारीख तय होने के बाद संगठन स्तर पर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का कार्यक्रम भव्य होगा।
राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के कुमाऊं दौरे को लेकर भट्ट ने कहा कि यह चुनावी वर्ष है और उनका दौरा भी चुनावी यात्रा के तहत है। उन्होंने कहा कि भाजपा चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है और पार्टी अपने संगठनात्मक स्तर पर तैयारियों को आगे बढ़ा रही है।
रामशरण नौटियाल के इस्तीफे की चर्चा पर भट्ट ने कहा कि अभी तक उनके पास इस्तीफे का कोई पत्र नहीं आया है और न ही संबंधित जिलाध्यक्ष के पास ऐसा कोई पत्र पहुंचा है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में स्थिति स्पष्ट करने की जिम्मेदारी रामशरण नौटियाल की ही होगी।