तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया ने बुधवार को रनिया प्रखंड की बनई पंचायत में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) कार्य का जायजा लिया। उन्होंने पंचायत क्षेत्र में एसआइआर की प्रगति और आम लोगों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली।
इस दौरान विधायक ने रनिया के प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रशांत डांग से मुलाकात कर एसआइआर प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने मतदाता सूची के पुनरीक्षण, दावे एवं आपत्तियों की स्थिति तथा पात्र मतदाताओं को प्रक्रिया के दौरान होने वाली संभावित परेशानियों के बारे में जानकारी ली।
विधायक सुदीप गुड़िया ने कहा कि एसआइआर जैसी महत्वपूर्ण प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ कार्य किया जाना जरूरी है। कोई भी पात्र नागरिक जानकारी या आवश्यक प्रक्रिया के अभाव में अपने मताधिकार से वंचित न हो, यह सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
एसआईआर से जुड़ी जानकारी सरल भाषा में उपलब्ध कराने तथा उनकी समस्याओं एवं दावों का नियमानुसार समाधान करने की अपील की।
विधायक ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में सही पंजीकरण आवश्यक है। जनप्रतिनिधि के रूप में वे एसआइआर से जुड़ी जनता की समस्याओं को संबंधित अधिकारियों के समक्ष उठाते रहेंगे और लोगों को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने का प्रयास करेंगे।