बरेका पहलवान अर्जुन यादव एवं उत्तर रेलवे के पहलवान दिनेश ने कुश्ती प्रतियोगिता में दिखाया दम

Share

वाराणसी, 29 सितंबर । उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में मंगलवार को 67वीं पुरुष अखिल भारतीय अंतर-रेलवे कुश्ती प्रतियोगिता का आगाज हुआ। बरेका कुश्ती केंद्र में आयोजित उद्घाटन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने गुब्बारे उड़ाकर तथा दीप प्रज्वलित कर पहलवानों का उत्साह वर्धन किया। बरेका पहलवान अर्जुन यादव एवं उत्तर रेलवे पहलवान दिनेश के बीच उद्घाटन मुकाबला खेला गया। महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने दोनों पहलवानों का हाथ मिलाकर मुकाबले का शुभारंभ कराया। फ्री स्टाइल कुश्ती के 69 किग्रा भार वर्ग के मुकाबले में बरेका के अर्जुन यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की।

उल्लेखनीय है कि भारतीय रेल की इस प्रतियोगिता में उत्तर रेलवे (एनआर), मध्य रेलवे (सीआर), पश्चिम रेलवे (डब्ल्यू आर), उत्तर पश्चिम रेलवे (एनडब्ल्यूआर ), उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर), रेल कोच फैक्ट्री (आरसीएफ), बनारस रेल इंजन कारखाना (बीएलएब्ल्यू), रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), पूर्वोत्तर रेलवे (एनईआर), पूर्व मध्य रेलवे (ईसीआर), रेलवे बोर्ड (आरबी), पश्चिम मध्य रेलवे (डब्ल्यूसीआर) एवं दक्षिण पश्चिम रेलवे (एसडब्ल्यूआर) सहित कुल 13 टीमें प्रतिभाग कर रहीं है। बरेका के जनसम्पर्क अधिकारी के अनुसार,प्रतियोगिता में फ्री स्टाइल में 57, 61, 65, 70, 74, 79, 86, 92, 97 एवं 125 किलोग्राम तथा ग्रीको-रोमन में 55, 60, 63, 67, 72, 77, 82, 87, 97 एवं 130 किलोग्राम भार वर्ग में मुकाबले खेले जा रहे है।

67वीं पुरुष अखिल भारतीय अंतर-रेलवे कुश्ती प्रतियोगिता में फ्री स्टाइल कुश्ती में 70 किग्रा,92 किग्रा,79 किग्रा और 61 किग्रा और ग्रीको रोमन में 55 किग्रा, 72 किग्रा , 87 किग्रा,130 किग्रा भार वर्ग के मुकाबले में गोल्ड, सिल्वर ब्रांज मेडल के विजेता का फैसला होगा। पहलवानों के शानदार दांव-पेच एवं दमदार प्रदर्शन से कुश्ती प्रेमी उत्साहित है। प्रतियोगिता के बीच खेल प्रेमियों ने तालियों की गड़गड़ाहट एवं उत्साहवर्धन से खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया और मुकाबले के रोमांच को चरम पर पहुंचा दिया। प्रतियोगिता में ओलंपियन एवं अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित पहलवान आकर्षण का केंद्र रहे। इस अवसर पर अध्यक्ष, बरेका खेलकूद संघ एवं प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर मनीष कुमार, प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर विवेक शील, प्रमुख मुख्य सामग्री प्रबंधक आलोक अग्रवाल, प्रधान वित्त सलाहकार मुक्तेश मित्तल, प्रमुख मुख्य इंजीनियर राम जन्म आदि की भी मौजूदगी रही।