खंडवा, 25 सितम्बर । मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में शुक्रवार को गणेश विसर्जन के दौरान हादसा हो गया। ग्राम नाहल्दा के पास शाम करीब साढ़े चार बजे पांच बच्चे खदान में पांच बच्चे डूब गए। इनमें से तीन को बचा लिया गया है, जबकि दो की तलाश जारी है। रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
ग्रामीणों के मुताबिक, हादसा नाहल्दा के पास सड़क निर्माण के दौरान खोदी गई खदान में हुआ। कांग्रेस नेता कैलाश पटेल ने बताया कि खदान सड़क निर्माण के दौरान अवैध रूप से खोदी गई थी। इसमें पानी भर गया था और पहली बार गांव के लड़के यहां गणेश विसर्जन के लिए आए थे। इसी दौरान पांच बच्चे खदान के पानी में डूब गए थे। इनमें से तीन बच्चों को गांव के युवकों ने बाहर निकाल लिया। दो सगे भाई पानी में रह गए।
हादसे के बाद घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। मौके पर होमगार्ड की तीन सदस्यीय टीम नाव से दोनों भाइयों की तलाश कर रही है। टीम के पास मांजरी उपकरण हैं, जिनकी मदद से सर्चिंग की जा रही है। डूबने वाले दोनों बच्चे भाजपा मंडल उपाध्यक्ष मोंटू ठाकुर के बेटे हैं। बड़ा बेटा विश्वास 12वीं कक्षा का छात्र है और उसकी उम्र 17 साल है, जबकि छोटा बेटा लक्ष 10वीं कक्षा में पढ़ता है। उसकी उम्र 16 साल है।
दोनों भाइयों के कपड़े घटनास्थल के बाहर रखे हैं। गणेश विसर्जन के लिए लाई गई प्रतिमा का नारियल भी कपड़ों के ऊपर रखा है। बच्चों के पिता मोंटू ठाकुर ने बताया कि बच्चे घर से निकलने के बाद काफी देर तक वापस नहीं आए। उन्होंने बच्चों से संपर्क करने की कोशिश की। इसके बाद खदान पर पहुंचे तो दोनों के डूबने की जानकारी मिली। उन्होंने बच्चों को तलाशने के लिए खुद भी पानी में छलांग लगाई, लेकिन उनका पता नहीं चला।
एसडीएम ऋषि सिंघई ने बताया कि घटनास्थल गणेश विसर्जन के लिए तय जगह में शामिल नहीं था। प्रशासन ने गांव में दूसरी तरफ करीब एक किलोमीटर दूर विसर्जन स्थल पर व्यवस्था की थी। बच्चे दूसरी तरफ खदान की ओर चले गए और वहीं गणेश प्रतिमा का विसर्जन करने लगे। इसी दौरान हादसा हुआ। स्थानीय गोताखोरों को बुलाया गया है। फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।