अयोध्या, 24 सितंबर । उत्तर प्रदेश की रामनगरी में स्वच्छता एवं कचरा प्रबंधन की व्यवस्थाओं का अध्ययन करने उत्तराखंड के अल्मोड़ा नगर निगम का 21 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल गुरुवार को अयोध्या पहुंचा। नगर निगम कार्यालय में महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने प्रतिनिधिमंडल का भगवान श्रीराम की प्रतिमा और अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया। इस दौरान अपर नगर आयुक्त भारत भार्गव, सहायक नगर आयुक्त गुरुप्रसाद पांडेय सहित नगर निगम के अधिकारी मौजूद रहे।
अल्मोड़ा के महापौर अजय वर्मा के नेतृत्व में आए प्रतिनिधिमंडल में पार्षद धीरज पांडेय, राकेश पंत, प्रभारी सहायक नगर आयुक्त विनोद लाल समेत नगर पालिका के अधिकारी शामिल रहे। प्रतिनिधिमंडल ने अयोध्या नगर निगम की ओर से संचालित विकास, स्वच्छता और कचरा प्रबंधन की व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।
नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश पांडे ने बताया कि दल ने मऊशिवाला और काशीराम कॉलोनी स्थित मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ) सेंटर का भ्रमण किया। यहां कचरे के संग्रहण, पृथक्करण, प्रसंस्करण और निस्तारण की प्रक्रिया की जानकारी नगर निगम के अधिकारियों से ली। अधिकारियों ने अयोध्या में कचरा प्रबंधन को लेकर अपनाई जा रही व्यवस्थाओं और कार्यप्रणाली से प्रतिनिधिमंडल को अवगत कराया।
प्रतिनिधिमंडल ने श्रीराम मंदिर और हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन किया, साथ ही वैक्स म्यूजियम पहुंचकर मोम से निर्मित रामगाथा से जुड़ी प्रतिमाओं का अवलोकन किया। अल्मोड़ा के प्रतिनिधिमंडल ने अयोध्या में स्वच्छता एवं कचरा प्रबंधन के लिए किए जा रहे प्रयासों को समझने के साथ विभिन्न व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और उसकी सराहना की।