मीरजापुर, 24 सितंबर । उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में जिगना थाना क्षेत्र के गोगांव ग्राम में बुधवार को गंगा में डूबे 17 वर्षीय नाबालिग लड़के का शव 24 घंटे बाद गुरुवार को बरामद हो गया। शव मिलने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गोगांव निवासी राहुल तिवारी (17) पुत्र अनिल तिवारी बुधवार सुबह करीब 10 बजे भदोही जिले के कोइरौना थाना क्षेत्र के अतरौरा गांव निवासी अपने 16 वर्षीय बुआ के बेटे के साथ शिवाला घाट पर गंगा स्नान करने गया था। स्नान के दौरान राहुल गहरे पानी में जाने से डूब गया। घटना की जानकारी होने पर परिजन ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन देर शाम तक उसका पता नहीं चल सका।
चाचा मंतधर तिवारी ने बताया कि गुरुवार को घाट से कुछ दूर पर कीचड़ में धंसा भतीजे राहुल का शव मछुआरों ने देखा। उन्होंने इसकी सूचना दी, जिसके बाद शव बाहर निकाला गया।
परिजन के अनुसार, मृत बेटा राहुल तीन भाई-बहनों में तीसरे नंबर पर था। बड़े पिता संतधर तिवारी ने बताया कि राहुल मंगलवार शाम करीब सात बजे गांव आया था। परिवार रोजी-रोजगार के सिलसिले में मुंबई में रहता है। बुधवार शाम उसे मुंबई लौटना था, लेकिन उससे पहले ही वह बुआ के बेटे के साथ गंगा स्नान करने चला गया। बेटे के डूबने की खबर मिलते ही पिता परिवार समेत मुंबई से गांव के लिए रवाना हो गए।
थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।