कांगड़ा में लगे 44,358 स्मार्ट बिजली मीटर, प्रतिदिन 500 मीटर लगाने का लक्ष्य

Share

धर्मशाला, 20 सितंबर । बिजली व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए कांगड़ा जिले में स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। प्रदेश के सबसे बड़े जिले में कुल तीन लाख 60 हजार मीटरों को बदलने का लक्ष्य है, जिसमें अब तक 44 हजार 358 मीटर बदले जा चुके हैं। इस तरह निर्धारित लक्ष्य का करीब 12.32 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। विद्युत बोर्ड ने स्मार्ट मीटर बदलने की रफ्तार भी बढ़ा दी है। पहले प्रतिदिन करीब 100 मीटर बदले जा रहे थे, लेकिन अब रोजाना करीब 500 मीटर लगाने का लक्ष्य रखा गया है। इससे आने वाले समय में स्मार्ट मीटर लगाने के काम में तेजी आने की उम्मीद है। बोर्ड की ओर से कुछ स्थानों पर स्मार्ट मीटर के साथ पुराने मीटर भी छह माह तक लगाए रखने का परीक्षण किया जा रहा है। करीब पांच प्रतिशत मीटरों को छह माह तक यथावत रखने का प्रावधान किया गया है। इसका उद्देश्य पुराने और नए मीटर की रीडिंग का मिलान कर दोनों की कार्यप्रणाली और रीडिंग की सटीकता की जांच करना है।

विद्युत बोर्ड के अधीक्षण अभियंता कांगड़ा अमन चौधरी ने बताया कि जिले में स्मार्ट मीटर लगाने का काम लगातार जारी है। अभी तक 44,358 मीटर बदले जा चुके हैं और करीब 12.32 प्रतिशत लक्ष्य पूरा कर लिया गया है। पहले जहां प्रतिदिन लगभग 100 मीटर बदले जा रहे थे, वहीं अब प्रतिदिन करीब 500 मीटर लगाने का काम किया जा रहा है। कुछ स्थानों पर पुराने मीटर को भी छह माह तक रखकर स्मार्ट मीटर की रीडिंग से उसका मिलान किया जा रहा है, ताकि दोनों की रीडिंग का सही आकलन किया जा सके।