शिमला, 19 सितंबर । मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शनिवार को सोलन जिले के अर्की विधानसभा क्षेत्र के एक दिवसीय दौरे के दौरान 34.46 करोड़ रुपये की लागत वाली सात विकास परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास किए। इन परियोजनाओं में स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली, सड़क और कृषि-बागवानी से जुड़ी सुविधाएं शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने 1.50 करोड़ रुपये की लागत से बने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सरयांज के भवन, 1.02 करोड़ रुपये की लागत से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चंडी में बने खेल मैदान, 1.81 करोड़ रुपये की लागत से तैयार फल एवं सब्जी उप-मंडी कुनिहार और 10.17 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित दाड़लाघाट आईएसबीटी बस स्टैंड का उद्घाटन किया। इन परियोजनाओं के शुरू होने से क्षेत्र में स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवहन और किसानों से जुड़ी सुविधाओं में विस्तार होगा।
सुक्खू ने 10.39 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 33/11 केवी, 315 एमवीए जीआईएस विद्युत उपकेंद्र ग्याणा (मांगू), 7.09 करोड़ रुपये की लागत वाले दानोघाट-साहजादा-नेरी प्लाटी संपर्क सड़क मार्ग और 2.38 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली सिनटीघाट से बानधार एंबुलेंस सड़क की आधारशिला भी रखी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से क्षेत्र के लोगों को लाभ मिलेगा और बुनियादी ढांचे के साथ जरूरी सार्वजनिक सेवाएं मजबूत होंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुनिहार फल एवं सब्जी उप-मंडी से क्षेत्र की करीब 25 से 30 ग्राम पंचायतों के किसानों को लाभ मिलेगा। इससे किसानों को अपनी उपज के बेहतर विपणन के अवसर मिलेंगे और उन्हें फसलों के उचित एवं लाभकारी दाम प्राप्त करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह परियोजना स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में भी योगदान देगी। उन्होंने बताया कि ग्याणा (मांगू) में बनने वाले 33/11 केवी, 315 एमवीए जीआईएस विद्युत उपकेंद्र से क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही कम वोल्टेज की समस्या के समाधान में मदद मिलेगी। इससे लोगों को अधिक भरोसेमंद और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति उपलब्ध होगी। इस उपकेंद्र से 10 ग्राम पंचायतों के लोगों को लाभ मिलने की बात कही गई है।