नई दिल्ली, 18 सितंबर । केंद्र सरकार ने त्योहारी सीजन से पहले थोक उपभोक्ताओं के लिए चीनी का स्टॉक रखने की समय सीमा 15 दिन से बढ़ाकर 30 दिन कर दी है। सरकार के इस कदम से औद्योगिक आपूर्ति सुनिश्चित होने के साथ ही कीमतें स्थिर रहने की उम्मीद है। इस अतिरिक्त स्टॉक की खरीद अग्रिम स्वीकृति योजना (एएएस) और शुल्क दर कोटा (टीआरक्यू) के तहत आयातित चीनी से ही की जाएगी।
केंद्र सरकार के इस कदम का उद्देश्य औद्योगिक उपयोगकर्ताओं को त्योहारी सीजन के दौरान अधिक लचीलापन प्रदान करना है। सरकार ने ये फैसला त्योहारी सीजन से पहले लिया गया है, जब चीनी की मांग बढ़ने की उम्मीद है। खाद्य और सार्वजनिक वितरण विभाग के मुताबिक खुदरा चीनी की कीमतों में लगभग 10 फीसदी तक की गिरावट आई है। सरकार ने व्यापारियों और थोक विक्रेताओं से आग्रह किया है कि वे कम हुई कीमतों का लाभ उपभोक्ताओं तक पहुंचाएं।
खाद्य और सार्वजनिक वितरण विभाग ने कहा कि खुले बाजार से चीनी की खरीद के लिए स्टॉक रखने की सीमा अपरिवर्तित रहेगी और केवल 15 दिनों की खपत तक ही सीमित रहेगी। सरकार ने थोक उपभोक्ताओं के द्वारा खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग के ऑनलाइन पोर्टल के जरिए प्रत्येक शुक्रवार को चीनी स्टॉक की घोषणा और साप्ताहिक जानकारी के लिए एक तंत्र भी स्थापित किया है। सरकार ने चीनी के प्रमुख थोक उपभोक्ताओं के साथ विस्तृत परामर्श करके स्थिर और व्यवस्थित चीनी बाजार बनाए रखने के उद्देश्य से उनके सुझावों पर विचार किया है।