रामपुर में अवैध शराब की खेप के साथ दो लोग पकड़े

Share

शिमला, 17 सितंबर । शिमला जिले के रामपुर क्षेत्र में पुलिस ने शराब के अवैध कारोबार और परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो लोगों के कब्जे से करीब 1,488 बोतल शराब और बीयर बरामद की है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार रामपुर थाना क्षेत्र में गश्त और वाहनों की जांच के दौरान उमरी मोड़ पर दो लोगों को रोका गया। उनकी तलाशी लेने पर बड़ी मात्रा में शराब और बीयर बरामद हुई। आरोपियों की पहचान रामपुर निवासी दीपक भारद्वाज (29) और सुखा नंद के रूप में हुई है। बरामद खेप में ऊना नंबर-01 की 1,140 बोतलें, थंडर बोल्ट बीयर की 108 बोतलें, ओल्ड मोंक की 96 बोतलें, ICONIQ White की 60 बोतलें और Royal Stag की 84 बोतलें शामिल हैं।

पुलिस के एक अधिकारी ने वीरवार को बताया कि बरामद शराब और बीयर को कब्जे में ले लिया गया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मामले में शराब की खेप से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है।