पलामू, 17 सितंबर । पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर शहर थाना क्षेत्र में चोरी की वारदात नहीं रुक रही है। लगातार घटनाएं हो रही हैं। इसी क्रम में रेडमा में काली मंदिर के नीचे गली में तरहसी प्रखंड से रिटायर बड़ा बाबू मनमोहन प्रसाद के मकान की खिड़की का ग्रिल उखाड़कर डेढ़ लाख की संपति की चोरी कर ली गई। 50 हजार नगद के अलावा एक सोने की चेन, चार अंगूठी गायब हुई है।
मनमोहन प्रसाद ने नगद राशि अपने 95 वर्षीय पिता के इलाज के लिए जमा कर रखी थी। घटना के समय घर में मनमोहन प्रसाद के पिता और पत्नी थे। घटना की जानकारी मिलने पर शहर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन की।
मनमोहन प्रसाद के अनुसार कुछ दिन पहले बेटे से मिलने के लिए दिल्ली आए हुए हैं। गुरुवार को सुबह 7 बजे पत्नी ने जानकारी दी कि एक कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर खिड़की का ग्रिल उखाड़ कर अलमीरा से उनकी शादी में मिले सोने की चेन, चार अंगूठी के अलावा 50 हजार नगद गायब कर दी गई है।
मनमोहन प्रसाद ने बताया कि उनके घर के पीछे गली है। उसी गली से चोर अंदर घुसा और खिड़की का ग्रिल उखाड़ कर घटना को अंजाम दिया। इस घटना में नगद राशि सहित डेढ़ लाख की संपत्ति ग़ायब हुई है।