पटना, 16 सितंबर । मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग की ईआईबी टीम को मिली सूचना के आधार पर पटना जिला उत्पाद टीम के सहयोग से बुधवार को जिले में दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की गई। दोनों कार्रवाइयों में कुल 204 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई।
पहली कार्रवाई कदमकुआं थाना क्षेत्र के पूर्वी लोहानीपुर में की गई। यहां छापेमारी के दौरान 112.5 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। मामले में राजा साहनी और शंकर कुमार के विरुद्ध फरार अभियोग दर्ज करने की कार्रवाई के लिए बरामद शराब को पटना जिला उत्पाद टीम को सौंप दिया गया।
दूसरी कार्रवाई दीदारगंज थाना क्षेत्र के फतेहपुर चक में की गई। यहां से 91.5 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। कार्रवाई के दौरान एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया, जिसे आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए पटना जिला उत्पाद टीम को सौंप दिया गया।
उत्पाद विभाग के अनुसार, दोनों स्थानों पर की गई कार्रवाई में कुल 204 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। मामले में आगे की कार्रवाई नियमानुसार की जा रही है।
———