भैंस चोरी गिरोह का पर्दाफाश, झाबुआ के दो आरोपी गिरफ्तार; 16.50 लाख का माल जब्त

Share

खाचरौद, 16 सितंबर । अन्य जिलों में जाकर भैंस चोरी करने वाली मध्य प्रदेश के झाबुआ जिले की शातिर गैंग का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से तीन भैंस, एक पाड़ी और वारदात में इस्तेमाल पिकअप वाहन समेत करीब 16.50 लाख रुपये का माल बरामद किया गया है।

पुलिस ने देवीसिंह उर्फ देवा (28) पुत्र झीतू कटारा, निवासी बड़ी संगत, थाना थांदला, जिला झाबुआ और नरेश (27) पुत्र भूल सिंह डामोर, निवासी झपादरा, थाना काकनवानी, जिला झाबुआ को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों को मंगलवार देर शाम खाचरौद लाया गया, जहां न्यायाधीश के समक्ष पेश कर उनका रिमांड लिया गया। पुलिस अब आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।

दो फार्म हाउस से चुराए थे मवेशी

पुलिस के अनुसार आरोपियों ने थडोदा रोड स्थित दो किसानों के फार्म हाउस को निशाना बनाते हुए मवेशियों की चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस को आरोपियों तक पहुंचने में सीसीटीवी फुटेज से मदद मिली। जांच के दौरान सामने आए सुरागों के आधार पर पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपियों के कब्जे से बरामद मवेशियों की कीमत करीब 2.50 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा वारदात में प्रयुक्त पिकअप वाहन समेत अन्य सामान भी जब्त किया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ के आधार पर गिरोह से जुड़ी अन्य वारदातों का भी खुलासा होने की संभावना है।