समाचार राष्ट्रीय पोषण माह: वेबकास्टिंग एवं पोषण शपथ कार्यक्रम का किया गया आयोजन

Share

जांजगीर-चांपा, 09 सितंबर (हि. स.)। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग श्रीमती अनिता अग्रवाल के मार्गदर्शन में आज 9वें राष्ट्रीय पोषण माह 2026 के शुभारंभ अवसर पर वेबकास्टिंग के माध्यम से सीधा प्रसारण किया गया। इसके साथ ही जिले के सभी परियोजना कार्यालयों एवं आंगनबाड़ी केन्द्रों में सीधा प्रसारण देखा गया।

जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती अनिता अग्रवाल ने बताया कि राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत जिले में 09 सितंबर से 08 अक्टूबर 2026 तक विभिन्न जागरूकता एवं पोषण संबंधी गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इन गतिविधियों का उद्देश्य जनसमुदाय को पोषण के प्रति जागरूक करते हुए स्वस्थ एवं सुपोषित समाज के निर्माण में सहभागिता सुनिश्चित करना है।

कार्यक्रम के दौरान पोषण एवं उत्प्रेरण के संबंध में सभी परियोजना अधिकारियों एवं पर्यवेक्षकों को अपने दायित्वों के बेहतर निर्वहन हेतु पोषण शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में परियोजना अधिकारी सहित समस्त पर्यवेक्षक व संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।