नई टिहरी, 06 सितंबर । प्रतापनगर ब्लॉक की उपली रमोली पट्टी के ग्राम पंचायत सौंदी गांव में नवनिर्मित नागराजा मंदिर का विधायक विक्रम सिंह नेगी ने शिलान्यास किया। उन्होंने भगवान नागराजा से क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। विधायक नेगी ने कहा कि उत्तराखंड देवी-देवताओं की पवित्र भूमि है।
देवभूमि की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं को संजोए रखना सभी का दायित्व है। धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं को धूप और बारिश में परेशानी न हो, इसके लिए सेम मुखेम के मड़भागी सौड़, पट्टी रौणद के थकलेश्वर महादेव मंदिर पुजारगांव और कोटेश्वर महादेव भदूरा के कुरेथ में टीन शेड बनवाए गए हैं।
वहीं, ओणेश्वर महादेव मंदिर देवल के पैदल मार्ग को आठ लाख रुपये की लागत से छत युक्त बनाया गया है। इस अवसर पर डुंडा के ब्लॉक प्रमुख राजदीप परमार, भटवाड़ी ब्लॉक प्रमुख ममता पंवार, कांग्रेस प्रदेश महासचिव मनीष राणा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष शीशपाल पोखरियाल, युवा कांग्रेस प्रदेश महासचिव दीपक रावत, जिलाध्यक्ष जयेंद्र नेगी, महिला जिलाध्यक्ष एकादशी, मीडिया प्रभारी मनोज राही, जयपाल चौहान, आनंद सिंह पंवार, राय सिंह, राजपाल सिंह पंवार, त्रिलोक सिंह रावत, उमेद सिंह नेगी आदि मौजूद रहे।