धमतरी, 03 सितंबर । शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खरेंगा की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई एवं सहयोग जननी सेवा संस्थान धमतरी के संयुक्त तत्वावधान में आज गुरुवार को उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता मां भारती फिजिकल ट्रेनिंग रूद्री धमतरी के संचालक पीतांबर नंदेश्वर ने कहा कि समय बहुत मूल्यवान है और जीवन में अनुशासन सफलता की पहली सीढ़ी है।
छात्रों को संबोधित करते हुए उन्होंने आगे कहा कि बिना अनुशासन के करियर का निर्माण संभव नहीं है, इसलिए विद्यार्थियों को सबसे पहले समय-सारणी बनाकर उसका नियमित पालन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना विद्यार्थियों को सेवा और अनुशासन का पाठ पढ़ाती है। वेद प्रकाश नागेंद्र ने नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए कहा कि किसी भी प्रकार का नशा तन, मन और शरीर को बर्बाद कर देता है। युवाओं को नशे से दूरी बनाकर नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देना चाहिए। उन्होंने मोबाइल के अत्यधिक उपयोग को आधुनिक नशे का रूप बताते हुए इसके सीमित एवं संतुलित उपयोग की सलाह दी। वरिष्ठ स्वयंसेवक नरेंद्र साहू एवं संजय साहू ने कहा कि उन्मुखीकरण राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों के चरित्र निर्माण का महत्वपूर्ण केंद्र है, जिसके माध्यम से विद्यार्थी अपने व्यक्तित्व एवं करियर का बेहतर निर्माण कर सकते हैं।कार्यक्रम में नशामुक्त युवा विषय पर वेद प्रकाश नागेंद्र, कंपनी कमांडर डीएसपी सीआरपीआर धमतरी, पीजी कालेज धमतरी के रासेयो सीनियर वॉलिंटियर संजय साहू एवं नरेंद्र कुमार साहू विशिष्ट वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। प्रभारी प्राचार्य नलिनी कॉलोनी राजगढ़िया एवं कार्यक्रम अधिकारी शेषनारायण गजेंद्र सहित शिक्षक और स्वयंसेवक भी कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ कार्यक्रम अधिकारी शेषनारायण गजेंद्र के स्वागत उद्बोधन से हुआ। उन्होंने राष्ट्रीय सेवा योजना में उन्मुखीकरण के महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में अतिथियों को प्रतीक चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में मेनका केसरी, पूजा, साक्षी, मुरलीधर, जिग्यांशु, एकता, दुर्गा साहू ने सहयोग किया।