चाइना मास्टर्स में तन्वी शर्मा का अभियान समाप्त, अंतिम 16 में मियाजाकी से मिली हार

Share

शेनझेन, 03 सितंबर ।भारतीय युवा बैडमिंटन खिलाड़ी तन्वी शर्मा का चाइना मास्टर्स 2026 में सफर अंतिम-16 में समाप्त हो गया। तन्वी को गुरुवार जापान की विश्व नंबर-9 तोमोक मियाजाकी के खिलाफ 66 मिनट तक चले रोमांचक मुकाबले में 17-21, 21-18, 16-21 से हार का सामना करना पड़ा।

भारतीय खिलाड़ी ने शुरुआती दौर में डेनमार्क की अमाली शुल्ज को सीधे गेमों में 21-16, 21-17 से हराकर अंतिम-16 में जगह बनाई थी। वहीं, मियाजाकी ने पहले दौर में अपनी हमवतन हिना अकेची को 19-21, 21-17, 21-19 से हराया था।

तन्वी और मियाजाकी के बीच यह दूसरी भिड़ंत थी। इससे पहले इस साल इंडोनेशिया मास्टर्स में भी दोनों का आमना-सामना हुआ था, जहां मियाजाकी ने 21-18, 18-21, 21-16 से जीत दर्ज की थी।

पहले गेम में दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। तन्वी और मियाजाकी लगातार अंक हासिल करती रहीं, लेकिन जापानी खिलाड़ी ने अंत में बढ़त बनाते हुए पहला गेम 21-17 से अपने नाम किया।

तन्वी ने दूसरे गेम में शानदार वापसी की और 8-2 की बढ़त बना ली। मियाजाकी ने वापसी करते हुए स्कोर 10-10 से बराबर किया, लेकिन तन्वी ने दबाव में संयम बनाए रखा। उन्होंने ब्रेक तक 11-10 की बढ़त हासिल की और फिर 18-14 की बढ़त बनाकर गेम 21-18 से जीत लिया।

निर्णायक गेम में भी मुकाबला बराबरी का रहा। स्कोर 6-6 से बराबर होने के बाद तन्वी ने 8-7 और फिर 10-8 की बढ़त बनाई। ब्रेक तक भारतीय खिलाड़ी 11-9 से आगे थीं।

हालांकि, ब्रेक के बाद मियाजाकी ने लगातार दबाव बनाया और 11-11 से बराबरी कर ली। इसके बाद जापानी खिलाड़ी ने मुकाबले पर नियंत्रण हासिल कर लिया और निर्णायक गेम 21-16 से जीतकर तन्वी का अभियान समाप्त कर दिया। ब्रेक के बाद तन्वी केवल पांच अंक ही हासिल कर सकीं।