बिजनौर, 3 सितम्बर । उत्तर प्रदेश में जनपद बिजनौर के थाना चांदपुर क्षेत्र के पैजनिया-चांदपुर मार्ग स्थित पोता धर्मू गांव में गन्ने के खेत के पास करीब 30 फीट गहरे सूखे कुएं में अचानक गुलदार गिर गया। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद गुलदार को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
ग्रामीणों के अनुसार, देर रात को दहाड़ने की आवाज सुनकर खेतों की ओर गए लोगों ने सूखे कुएं से गुलदार को कुएं में गिरा हुआ देखा । घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। इसके बाद वन विभाग को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। रात करीब 11:30 बजे से 12 बजे के बीच रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। अंधेरे और विपरीत परिस्थितियों के बावजूद वन कर्मियों ने सावधानीपूर्वक करीब दो घंटे तक प्रयास किया। आखिरकार गुलदार को सुरक्षित कुएं से बाहर निकालकर पिंजरे में कैद कर लिया गया। इसके बाद उसे चिकित्सकीय परीक्षण के लिए रेंज कार्यालय ले जाया गया।
गुलदार के सुरक्षित रेस्क्यू होने पर ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। ग्रामीणों का कहना है कि खेतों के आसपास गुलदार की मौजूदगी से काफी समय से भय का माहौल बना हुआ था। समय रहते वन विभाग की टीम द्वारा कार्रवाई किए जाने से लोगों ने राहत महसूस की।
रेस्क्यू अभियान में दरोगा मुकुल त्यागी, सौरभ कुमार और सुमित कुमार, अन्य कर्मचारियों ने भूमिका निभाई।———