बाइक सवारों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि करीब 27 सेकंड के सीसीटीवी फुटेज में चार बाइक सवार रात
करीब 12:30 बजे एएमसी आवास के पास पहुंचते दिखाई दे रहे हैं।
बाइक सवारों ने पॉलिथीन
में भरा कचरा आवास के बाहर फेंका और कुछ ही देर में वहां से फरार हो गए। फुटेज सामने
आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बाइक के नंबरों को ट्रेस करने की
प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस की ओर से फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर
आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि
मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और कचरा फेंकने वालों तक पहुंचने के लिए हर
संभव प्रयास किया जा रहा है।
24 दिन से सफाई कर्मचारियों की हड़ताल
शहर में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल पिछले 24 दिनों से जारी है। हड़ताल के
चलते कई इलाकों में कचरा उठान प्रभावित हुआ है और जगह-जगह कचरा जमा होने की समस्या
सामने आई है। दूसरी ओर प्रशासन ने सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था
शुरू कर दी है। डोर-टू-डोर कचरा उठाने वाले वाहनों को पुलिस एस्कॉर्ट उपलब्ध कराकर
कचरा उठवाया जा रहा है।
निगम ने विभिन्न क्षेत्रों से उठाया कचरा
उधर, नगर निगम ने रविवार को पुलिस प्रशासन और ड्यूटी मजिस्ट्रेट की निगरानी
में विशेष सफाई अभियान चलाया। निगमायुक्त सी. जयाश्रद्धा के आदेश पर निगम की टीमों
ने शहर के विभिन्न हिस्सों में बने गारबेज वल्नरेबल प्वाइंट (जीवीपी) से कचरा उठाया
और डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण भी कराया।
मिल गेट से नई सब्जी मंडी तक 10 डंपर कचरा उठाया
अभियान की शुरुआत अलसुबह मिल गेट से कैंची चौक तक जीवीपी प्वाइंटों की सफाई
से हुई। इसके बाद वार्ड नंबर-7 की गली, भारत नगर की गली नंबर-1 और नई सब्जी मंडी के
गेट नंबर-1 व 2 के पास जमा कचरा भी हटाया गया। इन स्थानों से एकत्रित करीब 10 डंपर
कचरा डंपिंग स्थल तक पहुंचाया गया, वहीं सेक्टर-16-17 में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण
के लिए पांच वाहन लगाए गए। इन वाहनों ने पूरे सेक्टर में घर-घर जाकर कचरा एकत्रित किया।