इंदौर, 30 अगस्त । केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया आगामी 07 सितंबर को इंदौर जिले के सांवेर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत मांगलिया में आयोजित कार्यक्रम में 43 करोड़ रुपये से अधिक लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन करेंगे। इस अवसर पर मध्य प्रदेश के मंत्रीद्वय इंदरसिंह परमार एवं तुलसीराम सिलावट भी मौजूद रहेंगे।
यह जानकारी जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने रविवार को अपने निवास पर कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर संबंधित विभागीय अधिकारियों की बैठक में दी। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के तहत मांगलिया में 10 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित आयुष औषधालय का लोकार्पण किया जाएगा। इसके साथ ही लोक निर्माण विभाग द्वारा लगभग 24 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित पांच सड़कें तथा लगभग 3 करोड़ रुपये की लागत से कृषि उपज मंडी मांगलिया में विभिन्न विकास कार्यों सहित ग्राम पंचायत भवन, बहुउद्देशीय कृषक सेवा केंद्र तथा आंगनवाड़ी भवनों के निर्माण कार्यों का भी लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया जाएगा।
मंत्री सिलावट ने अपने निवास पर आयोजित बैठक में अधिकारियों को कार्यक्रम की सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने तथा लोकार्पण एवं भूमिपूजन से संबंधित तैयारियों को बेहतर समन्वय के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में सांवेर एसडीएम सहित आयुष विभाग, हाउसिंग बोर्ड, स्वास्थ्य विभाग, कृषि मंडी, महिला एवं बाल विकास विभाग, पुलिस विभाग तथा जनपद पंचायत सांवेर के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।