जामशोला पुलिया से युवक ने सुवर्णरेखा नदी में लगाई छलांग, तलाश जारी

Share

पूर्वी सिंहभूम, 30 अगस्त । पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा थाना क्षेत्र में झारखंड-ओडिशा सीमा पर स्थित जामशोला पुलिया से रविवार सुबह एक युवक ने सुवर्णरेखा नदी में छलांग लगा दी। युवक की पहचान रासबिहारी बेहरा (30) के रूप में हुई है। घटना के बाद पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमों ने नदी में उसकी तलाश शुरू कर दी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रासबिहारी बाइक से जामशोला पहुंचा था। उसने अपनी बाइक सुवर्णरेखा नदी के किनारे खड़ी की और पुलिया पर चला गया। कुछ देर बाद वह पुलिया की दीवार पर चढ़ा और नदी में छलांग लगा दी। आसपास मौजूद लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। युवक की पहचान उसकी बाइक के नंबर ओडी 11 एएम 1169 के आधार पर की गई।

सूचना मिलने के बाद बहरागोड़ा पुलिस के साथ झारपोखरिया और पश्चिम बंगाल पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची। ओडिशा अग्निशमन विभाग की बचाव टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर नदी में युवक की तलाश शुरू की। घटना की जानकारी मिलने पर रासबिहारी के परिजन भी जामशोला पहुंचे।

परिजनों के अनुसार, रासबिहारी शनिवार सुबह बाइक लेकर घर से निकला था। पिछले कुछ दिनों से वह मानसिक रूप से परेशान और चिंतित नजर आ रहा था। हालांकि, उसकी परेशानी की वजह परिवार के लोगों को भी मालूम नहीं थी। रासबिहारी की अभी शादी नहीं हुई थी।

इधर, सुवर्णरेखा नदी में तेज बहाव के कारण बचाव अभियान में कठिनाई आ रही है। पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें नदी में संभावित स्थानों पर युवक की तलाश में जुटी हैं।————–