हजारीबाग, 30 अगस्त । हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र स्थित जीटी रोड एनएच-19 की दनुआ घाटी में रविवार को तीन वाहनों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद एक ट्रक अनियंत्रित होकर करीब 30 फीट गहरी खाई में पुल के नीचे जा गिरा। हादसे में ट्रक के चालक और उपचालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही चौपारण थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिसकर्मियों ने खाई में पुल के नीचे गिरे ट्रक से चालक और उपचालक के शवों को बाहर निकाला। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया गया है।
दुर्घटना के बाद आपात मित्र एंबुलेंस चालक शक्ति कुमार ने तत्परता दिखाते हुए तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौपारण पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दो घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग स्थित शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। एक घायल का इलाज चौपारण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है।
हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण भी मौके पर जुट गए और पुलिस के राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया। खाई में ट्रक के गिरने के कारण शवों को बाहर निकालने में पुलिस और स्थानीय लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। दुर्घटना में मारे गए चालक और उपचालक की फिलहाल पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस वाहनों से मिले दस्तावेजों और अन्य माध्यमों से उनकी पहचान करने का प्रयास कर रही है।
पुलिस तीनों वाहनों के बीच टक्कर किन परिस्थितियों में हुई, इसकी भी जांच कर रही है। घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाए गए हैं। वहीं, एनएच-19 पर यातायात व्यवस्था सामान्य बनाए रखने के लिए क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने की कार्रवाई की जा रही है।
————