कुश्ती में उत्कृष्ट योगदान के लिए लक्ष्मण लाल साहू को मिला शहीद विनोद चौबे सम्मान

Share

धमतरी, 30 अगस्त । जिले के वरिष्ठ पहलवान एवं कुश्ती प्रशिक्षक लक्ष्मण लाल साहू को कुश्ती के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए राज्य खेल अलंकरण पुरस्कार की श्रेणी में प्रतिष्ठित शहीद विनोद चौबे सम्मान से नवाजा गया। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा यह सम्मान 29 अगस्त को रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं मंत्रिमंडल की उपस्थिति में प्रदान किया गया।

67 वर्षीय लक्ष्मण लाल साहू का जीवन कुश्ती के प्रति समर्पण, अनुशासन और साधना की मिसाल है। उन्होंने अपनी मां के आशीर्वाद और बड़े भाई स्व. भुवन लाल साहू के मार्गदर्शन में कुश्ती की शुरुआत की। इसके बाद गुरुजनों एवं वरिष्ठ पहलवानों स्व. बुआ उस्ताद, स्व. घुरुवा फुटान और स्व. रामकृष्ण यादव से कुश्ती के दांव-पेंच और अखाड़े की बारीकियां सीखीं। बचपन से ही कुश्ती के प्रति जुनून के चलते उन्होंने नियमित अभ्यास किया और छत्तीसगढ़ के विभिन्न स्थानों पर आयोजित प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपनी पहचान बनाई। खिलाड़ी के रूप में सफलता हासिल करने के बाद उन्होंने प्रशिक्षक की भूमिका निभाते हुए नई पीढ़ी के पहलवानों को तैयार करने का बीड़ा उठाया। उनके मार्गदर्शन में सैकड़ों युवा पहलवानों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में पदक और खिताब हासिल कर धमतरी का नाम रोशन किया है। धमतरी में महिला कुश्ती को बढ़ावा देने में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

उन्होंने महिला खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देकर प्रतियोगिताओं के लिए तैयार किया और उन्हें उच्च एवं अंतरराष्ट्रीयस्तर तक पहुंचने के लिए मार्गदर्शन व अवसर उपलब्ध कराए। उनके मार्गदर्शन में आगे बढ़ीं कई महिला खिलाड़ी आज प्रतिष्ठित पदों और जिम्मेदारियों पर कार्यरत हैं। संघर्ष के दौर में पूर्व विधायक इंदर चंद चोपड़ा और तत्कालीन नगरपालिका अध्यक्ष स्व. ताराचंद हिंदूजा से मिले सहयोग एवं प्रोत्साहन को भी लक्ष्मण लाल साहू अपने कुश्ती सफर का महत्वपूर्ण हिस्सा मानते हैं। वे आज भी साधारण एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आने वाले खिलाड़ियों को सहयोग और प्रोत्साहन देकर आगे बढ़ाने का प्रयास करते हैं।

वर्तमान में वे कुश्ती संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष, धमतरी जिला अध्यक्ष एवं क्रीड़ा भारती के जिला अध्यक्ष के रूप में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। सम्मान मिलने पर उन्होंने छत्तीसगढ़ शासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि खेलों को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों से खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों का उत्साह बढ़ेगा तथा प्रदेश की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिलेंगे।

धमतरी से चंद्रशेखर चौबे, रामेश्वर गंगबेर, गिरीश साहू, गोपी किशन साहू, क्रीड़ा भारती सदस्य शिवा प्रधान, नानकू महाराज, टिक्की निर्मलकर, छबी लाल सिन्हा एवं पार्षद हिमानी भागवत साहू सहित सभी ने लक्ष्मण लाल साहू को सम्मान मिलने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। शहीद विनोद चौबे सम्मान उनके वर्षों के संघर्ष, समर्पण, अनुशासन और कुश्ती के प्रति निष्ठा का सम्मान है, जो धमतरी के युवा खिलाड़ियों और विशेषकर महिला खेल प्रतिभाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा।