गाजियाबाद। अब ये युग बदल गया है। ऐसे में हिन्दू हित की बात करने वाला ही देश पर राज करेगा। यह बातें शुक्रवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जितिन प्रसाद द्वारा गठित की गई ब्राह्मण चेतना परिषद के प्रदेश अध्यक्ष विश्वदीप अवस्थी ने पूर्व मंत्री सतीश शर्मा के कविनगर आवास पर पत्रकारों को संबोधित करते हुए कही। उन्होने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा की योगी सरकार आने के बाद से ब्राह्मण समाज का उत्पीडऩ बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि वे ब्राह्मण समाज को एकजुट करने के उद्देश्य को लेकर निकले हैं। भविष्य में जो भी ब्राह्मणों का सम्मान करेगा वही प्रदेश में राज भी करेगा।
विश्वदीप अवस्थी न कहा कि तीन साल पूर्व प्रदेश में भाजपा की सरकार आने के बाद से ब्राह्मण उत्पीडऩ के संकेत मिलने शुरू हो गए थे। योगी सरकार ने भगवान परशुराम जयंती के अवकाश निरस्त कर इसकी शुरूआत कर दी थी। जबकि, पूर्व में दूसरी सरकारों में भगवान परशुराम जयंती पर अवकाश दिया जा रहा था। उन्होंने कहा कि आज मिर्जापुर से लेकर एटा तक ब्राह्मणों पर अत्याचार की घटनाएं हो रही हैं। ब्राह्मणों को कहीं न्याय नहीं मिल रहा है। मेरठ में विहिप नेता ने ब्राह्मण समाज के एक व्यक्ति की शिखा पर कमेंट किया और बाद में उसकी शिखा ही काट डाली गई। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार को इस प्रकार की घटनाओं पर ब्राह्मण समाज को जवाब देना होगा।
बसपा भगवान परशुराम के नाम पर अस्पताल बनवाने की बात कर रही है। जबकि, भाजपा सरकार में ब्राह्मणों का सिर्फ उत्पीडऩ हो रहा है। ब्राह्मण समाज के सहयोग के बिना किसी भी प्रदेश मे कोई भी पार्टी सता प्राप्त नहीं कर सकती, परंतु सत्ता के बाद कोई भी सत्तासीन पार्टी ब्राह्मण समाज के हित की बात नहीं करती और आज हर स्तर पर ब्राह्मण समाज की अनदेखी उपेक्षा हो रही है।