प्रयागराज समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश के आसार, आकाशीय बिजली से रहें सावधान

Share

प्रयागराज, 28 अगस्त । उत्तर प्रदेश में मानसून की सक्रियता बनी हुई है। प्रयागराज समेत प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ मध्यम से तेज बारिश की संभावना है। शुक्रवार सुबह भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने चेतावनी जारी की है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग, लखनऊ की ओर से शुक्रवार सुबह जारी जिला स्तरीय तात्कालिक पूर्वानुमान में विभाग के अनुसार कुछ इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं, कई स्थानों पर बिजली चमकने और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है।

मौसम विभाग के सुबह जारी पूर्वानुमान के अनुसार महोबा, बांदा, हमीरपुर, फतेहपुर, जालौन, रायबरेली, कानपुर नगर, कानपुर देहात, उन्नाव, लखनऊ, बदायूं, संभल, अमरोहा, मुरादाबाद, बिजनौर और आसपास के क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ मध्यम से तेज बारिश हो सकती है। वहीं सोनभद्र, मीरजापुर, प्रयागराज, चित्रकूट, महोबा, बांदा, हमीरपुर, फतेहपुर, जालौन, रायबरेली, कानपुर नगर, कानपुर देहात, उन्नाव, औरैया, लखनऊ, बाराबंकी, कन्नौज, हरदोई, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, बदायूं, संभल, अमरोहा, मुरादाबाद, बिजनौर और आसपास के क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।

प्रयागराज के लिए भी मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है। इससे तापमान में कुछ गिरावट और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के प्रयागराज पूर्वानुमान में भी 28 अगस्त को एक-दो दौर बारिश या गरज-चमक के साथ बौछार पड़ने की संभावना जताई गई है।

स्थानीय स्तर पर तेजी से बदल सकता है मौसम

चन्द्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) कानपुर के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि मानसून की सक्रियता और वातावरण में नमी के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में स्थानीय स्तर पर गरज-चमक वाले बादल विकसित हो रहे हैं। ऐसे में मौसम में अचानक बदलाव हो सकता है और कुछ स्थानों पर कम समय में तेज बौछार पड़ने की स्थिति बन सकती है। उन्होंने कहा कि प्रयागराज और आसपास के जिलों में भी बादलों की सक्रियता के चलते गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना बनी हुई है।