जयपुर, 25 अगस्त । राजस्थान में कमजोर पड़े मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। मंगलवार को प्रदेश के 17 जिलों में तेज बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। जयपुर, कोटा सहित कई जिलों में सुबह से ही रुक-रुककर बारिश हो रही है। लगातार हो रही बरसात से तापमान में गिरावट आई है और लोगों को गर्मी व उमस से राहत मिली है।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में बारिश का यह दौर 27 अगस्त तक जारी रहने की संभावना है।
इससे पहले सोमवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश हुई। पिछले 24 घंटे में सबसे ज्यादा 102 मिलीमीटर बारिश भरतपुर के सीकरी में हुई, जो करीब चार इंच है। भरतपुर के अलावा अलवर, करौली और दौसा में भी कई स्थानों पर तीन इंच तक पानी बरसा। बारिश के कारण कई जगह सड़कें जलमग्न हो गईं और निचले इलाकों में पानी भरने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
राजधानी जयपुर में सोमवार दोपहर हुई तेज बारिश के बाद मंगलवार को भी बारिश का दौर जारी रहा। सुबह से शहर और आसपास के इलाकों में रुक-रुककर बरसात हो रही है। बीते 24 घंटे में जयपुर के जेएलएन मार्ग पर 35 मिलीमीटर बारिश हुई। बारिश के कारण राजधानी के तापमान में करीब दो डिग्री की गिरावट आई है और मौसम सुहावना हो गया है।
कोटा में मंगलवार सुबह से रिमझिम बारिश का दौर जारी है। बारिश के कारण तापमान में गिरावट आई और मौसम सुहावना हो गया।
मौसम विभाग ने 26 अगस्त तक कोटा संभाग में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। करौली जिले के हिंडौन में सोमवार को हुई तेज बारिश के बाद बाजारों और सड़कों पर घुटनों तक पानी भर गया। इससे लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई। बारिश के बाद पांचना बांध में भी पानी की आवक बढ़ी है। बांध का गेज 9.10 मीटर से बढ़कर 9.15 मीटर तक पहुंच गया।
अलवर में सोमवार को रुक-रुककर बारिश हुई। मंगलवार सुबह जिले के अधिकतर हिस्सों में हल्की धुंध छाई रही। बारिश के कारण मौसम सुहावना बना हुआ है। इसके विपरीत अजमेर में मानसून की गतिविधियां कमजोर रहने से गर्मी और उमस का असर बना हुआ है।
मौसम विभाग के अनुसार मानसून ट्रफ के प्रभाव से राजस्थान के साथ उत्तर प्रदेश, दिल्ली और मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश से लगते राजस्थान के भरतपुर, अलवर, धौलपुर और करौली सहित आसपास के जिलों में अगले तीन दिन बारिश होने की संभावना है। ऐसे में प्रदेश के कई हिस्सों में एक बार फिर मानसून की सक्रियता देखने को मिल सकती है।