फतेहाबाद, 25 अगस्त । सफाई कर्मचारियों की जारी हड़ताल के बीच फतेहाबाद और टोहाना में प्रशासन ने लगातार दूसरे दिन भारी पुलिस बल की तैनाती के बीच कचरा उठान अभियान चलाया। दोनों ही शहरों में चलाए गए अभियान के दौरान नगर परिषद और पुलिस की टीमों को विरोध का सामना करना पड़ा। इस दौरान कहीं पथराव हुआ तो कहीं कर्मचारियों को हिरासत में लेना पड़ा, जिससे पूरे इलाके में दिनभर तनाव का माहौल बना रहा।फतेहाबाद शहर में सोमवार देर रात करीब 150 पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में आठ प्रमुख स्थानों से कचरा उठवाया गया। अभियान के दौरान विरोध कर रहे कर्मचारियों ने पथराव कर एक जेसीबी का शीशा तोड़ दिया और ट्रैक्टर-ट्रॉली के टायरों की हवा निकाल दी। स्थिति बिगड़ते देख ड्यूटी मजिस्ट्रेट सतपाल रोज, डीएसपी व शहर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात संभाले। मंगलवार को हिसार रोड स्थित पुलिस लाइन में खड़ी की गई डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन गाडिय़ों यानि टिप्पर्स को पुलिस सुरक्षा के बीच इलाकों में उतारा गया। नप कर्मचारियों ने इसका विरोध किया, लेकिन पुलिस बल के आगे उनकी एक न चली। इस दौरान नगर परिषद कार्यालय में सफाई कर्मचारियों और सचिव के बीच तीखी बहस और तू-तड़ाक हुई। कर्मचारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि वे अन्य विभागों के कर्मचारियों को साथ लेकर आंदोलन तेज करेंगे और जल्द ही भाजपा नेताओं के घरों व दफ्तरों के बाहर कचरा डालेंगे।टोहाना : प्रदर्शनकारियों पर पुलिस का एक्शन, कई हिरासत मेंटोहाना में भी सोमवार देर रात भुना रोड, डांगरा रोड समेत 11 से अधिक इलाकों में जेसीबी और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से कूड़ा उठाने का काम शुरू हुआ तो हड़ताली कर्मचारी सडक़ों पर उतर आए। कर्मचारियों ने जेसीबी व पुलिस गाडिय़ों को घेरकर जमकर नारेबाजी की। इस दौरान माहौल तब और तनावपूर्ण हो गया जब महिला कर्मचारी जेसीबी मशीन के आगे लेट गई। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला कर्मचारियों सहित कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर पुलिस बस में लाद दिया। हंगामे के दौरान इंदिरा कॉलोनी निवासी सफाई कर्मचारी प्रेमलता का बीपी बढऩे से तबीयत बिगड़ गई, जिन्हें तुरंत नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। हिरासत में लिए गए कर्मचारी नेता मनदीप ने कहा कि सरकार और प्रशासन पुलिस बल के सहारे उनकी हड़ताल को कुचलना चाहता है, लेकिन वे डरने वाले नहीं हैं। वहीं प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि शहर में पिछले कई दिनों से सफाई व्यवस्था चरमराई हुई थी और जगह-जगह ढेर लगे थे। आम जनता को राहत देने और सफाई व्यवस्था बहाल करने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।