बलरामपुर, 22 अगस्त ।अजय चंद्राकर के कथित ‘यादवी संघर्ष’ और यादव समाज के विनाश से संबंधित बयान को लेकर यादव समाज में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा छत्तीसगढ़ के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश कुमार यादव ने आज शनिवार को कथित बयान की कड़ी निंदा करते हुए इसे यादव समाज की भावनाओं और सामाजिक सम्मान से जुड़ा गंभीर विषय बताया है।
राजेश कुमार यादव ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में रहने वाले जनप्रतिनिधियों से भाषा, व्यवहार और बयानों में मर्यादा की अपेक्षा की जाती है। राजनीतिक विरोध और वैचारिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन किसी समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली टिप्पणी को सामान्य राजनीतिक बयान मानकर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
उन्होंने कहा, “आप विधायक हैं, तो विधायक की मर्यादा भी रखनी चाहिए। यदि आपके कथित बयान से यादव समाज की भावनाएं आहत हुई हैं, तो सार्वजनिक रूप से समाज से माफी मांगिए। समाज के सम्मान से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।”
प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश कुमार यादव ने कहा कि यादव समाज इस मामले को गंभीरता से ले रहा है। समाज के विभिन्न संगठनों और पदाधिकारियों से चर्चा कर आगे की रणनीति तय की जाएगी। संभाग एवं प्रदेश स्तर पर ज्ञापन सौंपकर अजय चंद्राकर के कथित बयान पर आपत्ति दर्ज कराई जाएगी।
उन्होंने कहा कि यदि इसके बावजूद समाज की भावनाओं का सम्मान करते हुए सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगी जाती है, तो यादव समाज रायपुर में शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन करेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि समाज अपनी बात लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से रखेगा।
राजेश कुमार यादव ने कहा कि यादव समाज किसी व्यक्ति के खिलाफ व्यक्तिगत दुर्भावना नहीं रखता और न ही किसी राजनीतिक दल के पक्ष या विपक्ष में इस मुद्दे को देख रहा है। विषय केवल समाज के सम्मान, गरिमा और सामाजिक सौहार्द का है।
उन्होंने कहा कि सार्वजनिक पद पर बैठे लोगों को यह समझना चाहिए कि उनके शब्द केवल व्यक्तिगत बयान नहीं रहते, बल्कि उनका प्रभाव समाज के बीच भी पड़ता है। इसलिए संवेदनशील सामाजिक विषयों पर बोलते समय जिम्मेदारी और संयम आवश्यक है।
उन्होंने छत्तीसगढ़ के सभी यादव सामाजिक संगठनों, पदाधिकारियों और समाज के लोगों से अपील की कि इस विषय पर एकजुट होकर शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाएं। उन्होंने कहा कि संभाग से लेकर प्रदेश स्तर तक समाज की ओर से सामूहिक रूप से ज्ञापन दिया जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर राजधानी रायपुर में शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा।
राजेश कुमार यादव ने कहा कि यादव समाज सम्मान के साथ समझौता नहीं करेगा। उन्होंने अजय चंद्राकर से कथित बयान पर स्थिति स्पष्ट करते हुए यादव समाज से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की।
उन्होंने कहा, “विधायक हैं तो विधायक की मर्यादा रखिए, समाज की भावनाओं का सम्मान कीजिए और माफी मांगिए। यादव समाज के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली कोई भी टिप्पणी स्वीकार नहीं की जाएगी।”